लखनऊ में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत हुई बैठकों में केंद्रीय पर्यवेक्षक अमी याग्निक और अतुल सिंह ने 2027 चुनाव की तैयारियों और जनसमस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
रविशंकर सिंह, लखनऊ/रायबरेली।
कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत सोमवार को राजधानी लखनऊ में दो महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में केंद्रीय पर्यवेक्षकों और वरिष्ठ नेताओं ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का खाका खींचते हुए कार्यकर्ताओं से सीधा जनसंवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
पहली बैठक शहर अध्यक्ष शहजाद आलम की अध्यक्षता में सोना बट्टा, बारौरा और हुसैन बाड़ी क्षेत्र में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यवेक्षक अमी याग्निक ने कहा कि कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने गांव, मोहल्ले और शहर में जाकर आम जनता की समस्याओं को सुनना होगा। उन्होंने कहा, "गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाना ही कांग्रेस की मूल विचारधारा है। जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका त्वरित समाधान कराना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।"
बैठक में मौजूद लखनऊ प्रभारी व प्रदेश सचिव अतुल सिंह ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे सप्ताह में कम से कम दो बार अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जनता से निरंतर जुड़ाव और उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयासों से ही पार्टी का जनाधार मजबूत होगा।
इसी कड़ी में दूसरी बैठक शहर कांग्रेस कमेटी (दक्षिणी क्षेत्र) द्वारा लखनऊ के एक होटल में आयोजित की गई। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यवेक्षक अमी याग्निक ने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का उल्लेख करते हुए कहा कि 4,000 किलोमीटर की ऐतिहासिक यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी ने किसान, छात्र, गरीब और युवाओं को एकजुट करने का अभूतपूर्व काम किया है।
प्रदेश सचिव अतुल सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनावों का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा, "यदि हमें आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल करने हैं, तो आज से ही संकल्पबद्ध होकर धरातल पर काम करना होगा। जनता से संवाद और उनकी समस्याओं का निराकरण ही हमारी सफलता की कुंजी है।"
इस दौरान हाईकोर्ट अधिवक्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजीव पांडेय, सेवादल से काली सिंह, नावेद नकवी, महिला नेता नीलम, के.के. शुक्ला, जे.पी. मिश्रा, वाकर मेंहदी, मनोज श्रीवास्तव, अजय वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822