अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक रवि भूषण श्रीवास्तव का 10 हजार रुपये रिश्वत लेते वीडियो वायरल। सीओ डॉली कुमारी ने लिया संज्ञान, वरीय अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट। पढ़ें पूरी खबर


बेतिया। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया अंचल कार्यालय से भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पदस्थापित प्रधान लिपिक (बड़ा बाबू) रवि भूषण श्रीवास्तव का एक व्यक्ति से खुलेआम 10 हजार रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अंचल कार्यालय के कर्मियों और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति मझौलिया अंचल कार्यालय के अंदर प्रधान लिपिक रवि भूषण श्रीवास्तव को कथित तौर पर 10,000 रुपये नकद दे रहा है। हालांकि, वीडियो में पैसे देने वाले व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट रूप से नहीं दिख रहा है। रुपये लेने-देने के इस वाकया के दौरान दोनों के बीच बातचीत भी रिकॉर्ड हुई है:

पैसे देने के बाद संबंधित व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि अब वह पूरी तरह से निश्चिंत हो गया है और उसका काम आसानी से हो जाएगा। बातचीत में यह बात सामने आती है कि अब सिर्फ 'वंशावली' देना बाकी है, जिस पर प्रधान लिपिक अपनी सहमति जताते हैं।

व्यक्ति द्वारा यह पूछे जाने पर कि "चौहद्दी में अंकित नाम का आधार कार्ड तो नहीं लगेगा ना?", इस पर बड़ा बाबू (प्रधान लिपिक) जवाब देते हैं कि "नहीं" लगेगा।

स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि जमीन से जुड़े किसी जरूरी काम के एवज में उक्त रकम बतौर 'नजराना' (रिश्वत) ली गई है।

मामले के तूल पकड़ने के बाद मझौलिया अंचल की अंचल अधिकारी (CO) डॉली कुमारी ने तुरंत इस पर संज्ञान लिया है।

"मामला हमारे संज्ञान में आया है। वीडियो की सत्यता और वैधानिक कार्रवाई के लिए इसे वरीय पदाधिकारियों के पास अग्रसारित कर दिया गया है।"

इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि यदि यह वीडियो सही है, तो यह अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल खोलता है। लोगों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके और आम जनता को इस तरह के भ्रष्टाचार से राहत मिल सके।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822