सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड में खेत में अवैध रूप से बिछाए गए नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानें पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट


सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले की अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला वार्ड-5 में धान के खेत में अवैध रूप से बिछाए गए नंगे (खुले) बिजली के तार की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह दुखद घटना आज अहले सुबह लगभग 4:00 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तकिया टोला के रहने वाले एक दंपत्ति अपनी खोई हुई भैंस की तलाश में अहले सुबह घर से बाहर निकले थे। उनके साथ कुछ अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे।

भोर के समय घना अंधेरा और कोहरा होने के कारण उन्हें खेत में बिछे करंट प्रवाहित नंगे तारों का अंदाजा नहीं लग पाया। जैसे ही वे धान के खेत में दाखिल हुए, वे तेज करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद एक-एक कर बचाने के चक्कर में अन्य लोग भी करंट की ग्रिफ्त में आ गए।

इस हादसे में पति-पत्नी समेत कुल तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को बैरगनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

इस हादसे में जान गंवाने वाले तीनों ग्रामीणों की पहचान सलाम मंसूरी, रुबैदा खातून (सलाम मंसूरी की पत्नी) और हसमत अंसारी के रूप में हुई है।

घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। हादसे वाली जगह पर धान के खेत में दो जंगली सूअर भी मृत पड़े मिले। इससे यह गंभीर आशंका जताई जा रही है कि फसलों को जंगली सूअरों और अन्य जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के मालिक द्वारा अवैध तरीके से खेत के चारों ओर नंगे तार बिछाकर उसमें बिजली प्रवाहित की गई थी। यही जानलेवा जाल ग्रामीणों की मौत का कारण बन गया।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़ी मांग की है कि अवैध रूप से खेतों में बिजली का खतरनाक जाल बिछाने वाले खेत मालिक की पहचान कर उस पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। मृतकों के पीड़ित परिवारों को उचित सरकारी मुआवजा प्रदान किया जाए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822