कोलकाता के मुख्य कारखाना इंजीनियर सुब्रतो सरकार ने जमालपुर रेल इंजन कारखाने का निरीक्षण कर गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं पूर्व रेलवे के GM का अंतिम दौरा रद्द होने से रेलकर्मियों में मायूसी। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, मुंगेर।
कोलकाता के मुख्य कारखाना इंजीनियर (CWE) सुब्रतो सरकार अपने एकदिवसीय दौरे पर ऐतिहासिक रेल इंजन कारखाना जमालपुर पहुंचे। कारखाना पहुंचने पर मुख्य कारखाना प्रबंधक (CWM) विनय प्रसाद वर्णवाल ने अपनी पूरी टीम के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने इस दौरे के दौरान श्री सरकार ने कारखाने के विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया और उत्पादन क्षमता के साथ-साथ गुणवत्ता (Quality) तकनीकी को और बेहतर करने पर विशेष जोर दिया।
शॉप्स का लिया जायजा, अधिकारियों के साथ की हाई-लेवल मीटिंग
निरीक्षण के दौरान मुख्य कारखाना इंजीनियर ने बीएलसी, डीजल, वैगन और क्रेन शॉप सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति को देखकर संतोष जताया, साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
इसके बाद श्री सरकार ने अधिकारियों के साथ सभा कक्ष में एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें कारखाने के विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कारखाने में चल रहे नए और चुनौतीपूर्ण कार्यों की प्रगति को लेकर CWM से भी विशेष पूछताछ की। आधिकारिक बैठक के बाद उन्होंने श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रेल और रेलकर्मियों के हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। CWE के कारखाने में रहने के कारण पूरे दिन प्रशासनिक हलचल तेज रही और कारखाना गेट पर आरपीएफ (RPF) की विशेष चौकसी देखी गई। इस मौके पर डिप्टी डॉ. अभ्युदय, सौरभ कुमार, प्रीतम कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
रेल महाप्रबंधक (GM) का जमालपुर दौरा रद्द
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) का प्रस्तावित जमालपुर दौरा अचानक रद्द हो गया है। इस खबर से जहां एक तरफ अधिकारियों ने थोड़ी राहत की सांस ली है, वहीं दूसरी तरफ श्रमिक संगठनों, रेल कर्मियों और स्थानीय सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं में गहरी निराशा है।
यूनियन नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना था कि महाप्रबंधक का यह जमालपुर का अंतिम दौरा था। चूंकि वे जल्द ही सेवामुक्त (रिटायर) होने वाले हैं, इसलिए उम्मीद जताई जा रही थी कि वे अपने इस आखिरी दौरे में जमालपुर कारखाने को किसी नई सौगात या बड़े प्रोजेक्ट का तोहफा देकर जाएंगे। लेकिन दौरा अचानक रद्द होने से स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
....................................................................................................................................
Jamalpur Rail Workshop Inspection, जमालपुर रेल कारखाना निरीक्षण, CWE Subrato Sarkar Jamalpur, पूर्व रेलवे महाप्रबंधक दौरा रद्द, कंचन क्रांति मुंगेर न्यूज़, रेल इंजन कारखाना जमालपुर