बाबा धाम देवघर आने वाले श्रद्धालु खानपान में बरतें बेहद सावधानी। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में मिलावटी पेड़ा और रसायन युक्त जहरीली हल्दी बरामद। जानिए मेला क्षेत्र का पूरा हाल।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
यदि आप राजकीय श्रावणी मेला 2026 में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए देवघर आ रहे हैं, तो अपने और अपने परिवार के खानपान को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। मुनाफाखोरी के अंधी दौड़ में शामिल कुछ स्थानीय व्यापारी और होटल संचालक श्रद्धालुओं की आस्था और सेहत के साथ खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद मेला क्षेत्र में मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक खाद्य सामग्री परोसे जाने के मामले सामने आ रहे हैं।
प्रसाद और भोजन में जहरीले रसायनों की मिलावट
खाद्य सुरक्षा विभाग की उड़नदस्ता टीम द्वारा खिजुरिया पथ स्थित होटलों, भोजनालयों और सेवा शिविरों में चलाए गए सघन जांच अभियान में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच के दौरान कई नामी होटलों और शिविरों (पवन होटल, यशराज होटल, पीहू होटल और नन्दी बम सेवा शिविर) से लगभग 10 किलोग्राम मिलावटी पेड़ा पकड़ा गया, जिसे विभाग ने तुरंत नष्ट कराया।
इसके अलावा, पवन होटल और निराला होटल में खाना बनाने में इस्तेमाल की जा रही हल्दी में कैंसर पैदा करने वाले खतरनाक केमिकल 'मेटानिल येलो' (अखाद्य रंग) की मौजूदगी पाई गई। जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। यह इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि मुनाफे के लिए श्रद्धालुओं को किस तरह बीमारियों की ओर धकेला जा रहा है।
कार्रवाई जारी, लेकिन सतर्कता ही बचाव
विभाग ने नमो सेवा शिविर, केशवानी होटल, बम बम होटल, शिवनाथ होटल और बबलू होटल सहित दर्जनों दुकानों में औचक निरीक्षण कर दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने साफ किया है कि मिलावटी, असुरक्षित या एक्सपायरी सामान बेचने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मेला क्षेत्र में तंबाकू और उससे जुड़े उत्पादों की बिक्री पर 'कोटपा 2003' के तहत पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
दूसरी ओर, कोठिया बस पड़ाव में लगाए गए एक दिवसीय शिविर में 35 दुकानदारों को मौके पर ही खाद्य लाइसेंस जारी किए गए, ताकि अनधिकृत दुकानों पर नकेल कसी जा सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेला क्षेत्र में पूरी तरह से ढके हुए, ताजा और साफ-सुथरे स्थानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें। किसी भी तरह की मिलावट या दुर्गंधयुक्त भोजन की शिकायत तुरंत पास के प्रशासनिक शिविर में दर्ज कराएं।
.............................................................................
देवघर खाद्य सुरक्षा खबर, बाबा धाम मिलावटी खाना, श्रावणी मेला देवघर सावधान, मिलावटी पेड़ा देवघर, श्रावणी मेला अलर्ट, देवघर न्यूज
