देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर के 18 दानपात्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया। गिनती के दौरान ₹13.56 लाख रुपये के साथ विदेशी मुद्राएं भी दान स्वरूप प्राप्त हुईं।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रांगण स्थित दानपात्रों को बृहस्पतिवार को मंदिर प्रशासन और दंडाधिकारियों की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला गया। गिनती पूरी होने के बाद दानपात्रों से कुल ₹13,56,810 (तेरह लाख छप्पन हजार आठ सौ दस रुपये) नकद प्राप्त हुए।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि 27 अगस्त 2026 को मंदिर प्रांगण में स्थापित कुल 18 दानपात्रों (दान पेटियों) को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया था।
भारतीय रुपये के साथ विदेशी मुद्राएं भी मिलीं
दानपात्रों से प्राप्त दान में न केवल भारतीय मुद्रा बल्कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई विदेशी मुद्राएं भी शामिल हैं। गिनती के दौरान भारतीय नोटों के अतिरिक्त: नेपाली रुपये 4,090, भूटानी मुद्रा 10, ऑस्ट्रेलियन डॉलर 50 भी दान स्वरूप प्राप्त हुए हैं।
प्रशासनिक भवन में हुई पारदर्शी गिनती
मंदिर प्रशासन के अनुसार, दानपात्रों को खोलने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई और इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दान पात्रों से निकाली गई राशि को तुरंत सीलबंद कर मंदिर के प्रशासनिक भवन लाया गया, जहां अधिकारियों और अधिकृत कर्मचारियों की निगरानी में नोटों व सिक्कों की गिनती पूरी की गई।
……………………………………………………………………………….
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822