देवघर में भादो मेला 2026 के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 सूचना सह सहायता केंद्र संचालित हैं। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के अनुसार, इन केंद्रों के जरिए अब तक 225 से अधिक बिछड़े श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाया जा चुका है।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल समापन के बाद अब भादो मेला 2026 को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से बाबा मंदिर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 सूचना सह सहायता केंद्र बनाए गए हैं।
इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य मेले के दौरान अपनों से बिछड़े श्रद्धालुओं को त्वरित संपर्क स्थापित कर उनके परिजनों से मिलाना है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना और सहायता इन केंद्रों के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
इन 12 प्रमुख स्थानों पर बने हैं सूचना केंद्र- नेहरू पार्क प्रवेश द्वार, सुविधा केंद्र (बाबा मंदिर), शिवगंगा गोलघर, बीएड कॉलेज, मानसिंघी फुट ओवर ब्रिज, सरकार भवन मोड़, क्यू कॉम्प्लेक्स, भट्टर धर्मशाला, नेहरू पार्क पंडाल (अंदर), हिंदी विद्यापीठ, तिवारी चौक और जलसार चिल्ड्रेन पार्क।
225 से अधिक श्रद्धालु अपनों से मिले
जिला प्रशासन के अनुसार, इन सूचना केंद्रों की सक्रियता से अब तक 225 से अधिक बिछड़े हुए श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से सकुशल मिलाया जा चुका है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए यह व्यवस्था निरंतर कार्य कर रही है।
................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822