कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर देवघर नगर निगम ने शहर के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों की साफ-सफाई, कचरा उठाव, पहुंच पथों की मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए नगर निगम लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अपर नगर आयुक्त ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को शेष कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंगल बांध छठ घाट, नंदन पहाड़ छठ घाट, दड़वा नदी छठ घाट, माथा बांध छठ घाट, रामपुर छठ घाट और शिवगंगा छठ घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का जायजा लिया गया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, कचरा उठाव तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बनाए गए पहुंच पथों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया।
अपर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं वार्ड जमादारों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई और कचरा उठाव का काम शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से घाटों और उनके आसपास जमा कचरे का पूर्ण उठाव सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से झाड़ू लगवाकर पूरे परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने को कहा।
उन्होंने बताया कि शहर के अधिकांश छठ घाटों पर तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। दड़वा नदी छठ घाट पर सफाई सहित अन्य संबंधित कार्य पूरे कर लिए गए हैं। वहां अब केवल अंतिम रूप से झाड़ू लगाने का काम शेष है। अन्य घाटों पर भी बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि शेष साफ-सफाई का कार्य गुरुवार तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

पहुंच पथों का कराया जा रहा समतलीकरण
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम पहुंच पथों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। जहां रास्ते ऊबड़-खाबड़ थे या समतलीकरण की जरूरत थी, वहां जेसीबी मशीन के माध्यम से रास्तों को दुरुस्त कराया गया। इससे श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने में सहूलियत होगी।
गहराई के संकेतक और बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपर नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को सभी छठ घाटों पर पानी की गहराई से संबंधित सूचना एवं संकेतक बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने को भी कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदी और जलाशयों में पानी की गहराई की जानकारी श्रद्धालुओं को पहले से मिलनी चाहिए, ताकि वे सावधानी बरत सकें और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।
अपर नगर आयुक्त ने सभी संबंधित शाखाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का निर्धारित समय सीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ महापर्व से पहले शहर के सभी घाट स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित हो जाएं, जिससे छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।नगर निगम की ओर से घाटों पर चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

..........................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
