• शिवगंगा और नंदन पहाड़ पर एनडीआरएफ की टीम रहेगी तैनात
  • घाटों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की होगी प्रतिनियुक्ति

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने शिवगंगा सरोवर, डढ़वा नदी, नावाडीह घाट, नंदन पहाड़ फिल्टर, मंगल तालाब, जलसार तालाब और नौकाबांध सहित विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया। उपायुक्त ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी घाटों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं, ताकि छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

शिवगंगा और नंदन पहाड़ पर एनडीआरएफ की टीम रहेगी तैनात

जलाशयों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने शिवगंगा सरोवर और नंदन पहाड़ में एनडीआरएफ की टीम को बोट सहित आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ तैनात रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने, खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने और आवश्यकतानुसार साइनेज लगाने को कहा गया। घाटों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी, ताकि भीड़ नियंत्रण के साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

ट्रैफिक, रोशनी और साफ-सफाई पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, अनावश्यक अतिक्रमण हटाने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त रोशनी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, मोबाइल शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

इसके अलावा एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते खाली रखने तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे छठ घाटों का लगातार निरीक्षण करते रहें और यह सुनिश्चित करें कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

छठ पूजा समितियों से अपील करते हुए उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ देवघर की परिकल्पना को साकार करने में सभी की भागीदारी जरूरी है। जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर स्वच्छता और सुविधा के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में पूजा समितियां और आम नागरिक भी सहयोग करें, ताकि छठ पर्व के दौरान देवघर के घाट स्वच्छता की मिसाल बन सकें।

तालाबों और जलाशयों की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर सख्त निर्देश

छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तालाबों और जलाशयों के आसपास हो रहे अवैध अतिक्रमण पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित अंचलाधिकारियों को सभी तालाबों एवं जलाशयों की भूमि की मापी कराकर सीमांकन (डीमार्केशन) का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जल स्रोतों का अस्तित्व बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए इनके आसपास अवैध कब्जे पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। इसके लिए जलाशयों के आसपास प्रमुख स्थानों पर सूचना पट्ट (साइनेज) लगाए जाएं। इन पर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए कि संबंधित भूमि सरकारी जलाशय की है और यहां अतिक्रमण करना अथवा गंदगी फैलाना दंडनीय अपराध है।

उन्होंने नगर निगम और अंचल प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ इन क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर तत्काल नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, कार्यपालक अभियंता (आरसीडी) मनोज कुमार महतो, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति नीरज कुमार, सहायक नगर आयुक्त गौरव, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित नगर निगम, विद्युत विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822