देवघर साइबर थाना पुलिस ने सारठ क्षेत्र के डकाय जंगल से 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी Flipkart, Amazon, PhonePe और APK फाइल भेजकर लोगों को ठगते थे। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण पुष्कर (IPS) के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक (DSP) कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए देवघर पुलिस ने 2 सितंबर 2026 को छापेमारी कर 5 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति इकट्ठा होकर फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank के पदाधिकारी और Google पर PhonePe Customer Care के नाम पर आम लोगों से ठगी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही देवघर साइबर थाना और मारगोमुंडा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी दल गठित कर डकाय जंगल में घेराबंदी की और 05 आरोपियों को धर दबोचा। इनके पास से 06 मोबाइल फोन और 06 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच में साइबर अपराध में संलिप्तता की पुष्टि हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:
सुभाष कुमार दास (26 वर्ष), पिता- स्व. प्रदीप दास, निवासी- बुढ़ीबगीचा, थाना- मधुपुर।
विकास कुमार दास (20 वर्ष), पिता- अशोक दास, निवासी- नई-चिहुटिया, थाना- मारगोमुंडा।
धनंजय महरा (24 वर्ष), पिता- बिसु महरा, निवासी- नयाखरना, थाना- सारठ।
कुंदन कुमार (21 वर्ष), पिता- किसुन दास, निवासी- गढ़िया, थाना- मधुपुर।
विक्रम कुमार दास (21 वर्ष), पिता- लोलिन दास, निवासी- झुनाकी, थाना- पथरड्डा (ओ.पी.), सारठ।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की ठगी करने की कई खतरनाक शैलियों का खुलासा हुआ है।
फर्जी कस्टमर केयर व कैशबैक का झांसा: ये ठग Google Pay, PhonePe और Airtel Payment Bank के फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देकर उनके खाते खाली करते थे।
खतरनाक APK फाइलें भेजना : आरोपियों द्वारा 'PM KISSAN YOJNA', 'BIJLI BILL', और 'RTO CHALLAN' के नाम पर फर्जी APK फाइलें भेजकर लोगों के मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर लिया जाता था।
Airtel Thanks App से ठगी: एयरटेल पेमेंट बैंक के अधिकारी बनकर Airtel Thanks App के माध्यम से पहले कार्ड ब्लॉक करने का नाटक करते थे और फिर उसे चालू कराने के नाम पर पैसे ऐंठते थे।
गिरफ्तार अपराधियों में शामिल विक्रम कुमार दास एक आदतन साइबर अपराधी है। वह पहले भी साइबर थाना देवघर के कांड संख्या 18/2023, कांड संख्या 69/2024 और कांड संख्या 36/2025 के तहत जेल जा चुका है। इस सफल कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक (Inspector) बिशेश्वर कुमार, मारगोमुंडा थाना के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) विरेन्द्र राम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।