देवघर उपायुक्त ने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। चावाडीह में सड़क निर्माण में गड़बड़ी की जांच और कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान कराया गया।

कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।

जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहर्नाले में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, पेंशन, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना और आवास से जुड़े मामले उपायुक्त के समक्ष रखे। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और राजस्व, राशन कार्ड तथा पेंशन से जुड़े कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान कराया।

जनता दरबार के दौरान चावाडीह में चल रहे मुख्यमंत्री सड़क निर्माण और दो गार्डवाल के निर्माण में अनियमितता की शिकायत सामने आई। इस पर उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप विकास आयुक्त (DDC) की निगरानी में जांच कर प्रगति रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। वहीं, मोहनपुर प्रखंड के लकड़ीगंज गांव निवासी के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए 'हर घर नल योजना' के तहत 24 घंटे के भीतर नल कनेक्शन देने का आदेश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया।

इसके अतिरिक्त, अनुकंपा से जुड़े मामलों को समय पर पूरा करने और भू-अर्जन से संबंधित शिकायतों का भी समाधान किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों की भौतिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट कार्यालय में जमा करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके।