देवघर समाहरणालय में DC सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मध्याह्न भोजन योजना (मिड-डे मील) की समीक्षा बैठक आयोजित। भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए पंचायतवार रोस्टर बनाने और बेहतर कार्य पर शिक्षकों को पुरस्कृत करने के दिए निर्देश।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मध्याह्न भोजन योजना (मिड-डे मील) की जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्यों को पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान
बैठक में मिड-डे मील योजना को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की शुद्धता और पौष्टिकता सुनिश्चित करने के लिए पंचायतवार रोस्टर तैयार कर नियमित जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी स्वयं विद्यालयों का भ्रमण करें और भोजन की गुणवत्ता की जांच करें, ताकि बच्चों को पौष्टिक और उत्तम आहार मिल सके।
उपस्थिति बढ़ाने पर जोर, बेहतर कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
उपायुक्त ने स्कूलों में बच्चों के आच्छादन (कवरेज) तथा दैनिक उपस्थिति में सुधार लाने के लिए ठोस कार्ययोजना के तहत काम करने पर बल दिया। उन्होंने घोषणा की कि मध्याह्न भोजन योजना के तहत उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों एवं कर्मियों को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO), सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, बीपीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
.......................................................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822