देवघर के दीनबंधु उच्च विद्यालय में ब्रह्मा कुमारीज़ द्वारा नशामुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पढ़ें पूरी खबर।
देवघर। मंगलवार को दीनबंधु उच्च विद्यालय के रवींद्र सभागार में ब्रह्मा कुमारीज़ ईश्वरीय विश्वविद्यालय (देवघर शाखा) की ओर से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था की प्रतिनिधि ब्रह्मा कुमारी सुनीता बहन, किरण बहन, सृष्टि बहन तथा ब्रह्मा कुमार अशोक भाई एवं सुनील भाई ने दीनबंधु उच्च विद्यालय और मध्य विद्यालय के बच्चों को संबोधित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के 'नशामुक्त भारत अभियान' एवं 'मिशन स्पंदन' के तहत संचालित किया जा रहा है। यह पहल ब्रह्मा कुमारीज़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय (भारत सरकार) के बीच हुए एमओयू (MoU) के सहयोग से चलाई जा रही है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को जोड़कर एक स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। ब्रह्मा कुमारीज़ के प्रतिनिधि देश भर के स्कूलों में पहुंचकर बच्चों और किशोरों को स्वस्थ आदतें अपनाने, सकारात्मक चिंतन, जिम्मेदार जीवन मूल्यों और नशामुक्त जीवन शैली के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।

आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम स्कूल और कॉलेज के छात्रों की उम्र को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि वे सहभागितापूर्ण और सकारात्मक माहौल में एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा ले सकें।
इस अवसर पर दीनबंधु उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक काजल कांति सिकदार समेत शिक्षक सुनील कुमार सूर, मुनेश्वर प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार चंद्र, उदय कुमार मंडल, मनीषा घोष, भारती कुमारी, सुदीप्ता चक्रवर्ती, विकास कुमार दास, राजू कुमार और दोनों विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन प्रधानाध्यापक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
रिपोर्ट - विकास कुमार
..............................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822