असम के सीएम हिमंता विस्व सरमा ने देवघर के दर्दमारा में पीडी हिंदुजा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रयासों से खुले इस अस्पताल से झारखंड, बिहार और देवघरवासियों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
तरुण कुमार कंचन, देवघर।
देवघर अब तक केवल एक आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में जाना जाता था, लेकिन आने वाले समय में यह 'मेडिकल टूरिज्म' का भी एक बहुत बड़ा केंद्र बनेगा। यह बातें असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा ने कहीं। वे बुधवार को देवघर के दर्दमारा में सुपर स्पेशियलिटी 'पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर' के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर अस्पताल का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन के साथ ही इस अस्पताल में आपातकालीन सेवा (इमरजेंसी) और ट्रामा सेंटर की शुरुआत हो गई है। देवघर में इस अस्पताल का संचालन बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट (BBMT} द्वारा किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, हिंदुजा ग्रुप के सीईओ गौतम खन्ना, बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन सुश्री अनामिका गौतम और एम्स देवघर के निदेशक डॉ. नितिन गांगनेय विशेष रूप से मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की धरती पर आज एक ऐतिहासिक कार्य हुआ है। हिंदुजा अस्पताल की शुरुआत होना किसी यज्ञ की पूर्णाहुति जैसा है। उन्होंने कहा कि आज जहां अस्पताल की शुरुआत हुई है, वहीं भविष्य में यहां धीरे-धीरे मेडिकल कॉलेज भी बनेगा।
अपने संस्मरण को साझा करते हुए उन्होंने कहा, जब मैं देवघर एयरपोर्ट पर उतरा तो बारिश शुरू हो गई। असम में बारिश नहीं थी, लेकिन देवघर पहुंचते ही मेरा सामना बारिश से हुआ। इसे देखकर मुझे लगा कि सांसद डॉ. निशिकांत दुबे कितना बड़ा जनहित का कार्य कर रहे हैं, इसलिए उन्हें भगवान का भी आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्यमवर्गीय परिवारों की सेहत सुधारने में यह अस्पताल मील का पत्थर साबित होगा।देवघर का विकास देश के लिए एक बड़ा उदाहरण
झारखंड के विकास की सराहना करते हुए सीएम सरमा ने कहा कि वे झारखंड से गहराई से जुड़े रहे हैं। देवघर में जिस तरह से एयरपोर्ट, एम्स, रेलवे, रिंग रोड और सड़कों का जाल बिछा है, वैसा विकास देश के किसी अन्य संसदीय क्षेत्र में शायद ही देखने को मिला हो। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल को किसी पेशेवर आर्किटेक्ट ने नहीं, बल्कि डॉ. निशिकांत दुबे और उनकी धर्मपत्नी अनामिका गौतम की परिकल्पना और देखरेख में तैयार किया गया है, ताकि आम जनता को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
क्यों चुना गया हिंदुजा ग्रुप को?

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने जब अस्पताल का दौरा किया तो डॉ. निशिकांत दुबे से पूछा कि उन्होंने अपोलो, मैक्स या फोर्टिस के बजाय हिंदुजा को क्यों चुना? इस पर सांसद ने जो जवाब दिया, उसकी पुष्टि हिंदुजा ग्रुप के सीईओ गौतम खन्ना से बातचीत के दौरान भी हुई। श्री खन्ना ने स्पष्ट किया कि वे जनसेवा और सुविधा के उद्देश्य से अस्पताल चलाते हैं। इसी पवित्र उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के साथ यह गठजोड़ किया गया है।
उन्होंने हिंदुजा ग्रुप के इतिहास को याद करते हुए कहा कि देश के विभाजन के वक्त पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आए शरणार्थियों की मदद के लिए हिंदुजा ग्रुप ने स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत की थी। अब वही सेवाभाव देवघर में भी देखने को मिलेगा।
एम्स और हिंदुजा अस्पताल एक-दूसरे के पूरक
सीएम हिमंता विस्व सरमा ने विश्वास जताया कि एम्स देवघर और हिंदुजा अस्पताल के बीच कोई प्रतिस्पर्धा (Competition) नहीं होगी, बल्कि दोनों एक-दूसरे के पूरक बनकर देवघर, झारखंड और बिहार के लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य लाभ देंगे। पहले जहां इलाज के लिए लोगों को कोलकाता भागना पड़ता था, अब देवघर में ही विश्वस्तरीय मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हो रहा है।
मेडिकल कॉलेज और डॉक्टरों की उपलब्धता पर जोर
देश में स्वास्थ्य के मोर्चे पर बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2016 तक देश में केवल 387 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या मोदी सरकार के 10 वर्षों में बढ़कर 847 हो गई है। पहले जहां सालभर में 51,000 डॉक्टर तैयार होते थे, वहीं आज देश में 1.5 लाख से अधिक नए डॉक्टर बन रहे हैं। देवघर में जब मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू होगा, तो यहां हर साल 100 से 150 नए डॉक्टर तैयार होंगे, जिससे ग्रामीण इलाकों तक डॉक्टरों की पहुंच और आसान हो जाएगी।

इससे पहले गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा से जुड़ा एक संस्मरण साझा करते हुए बताया कि असम चुनाव में मतदान से ठीक एक दिन पहले भी श्री सरमा बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने आए थे और अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थे। सांसद ने बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन अनामिका गौतम के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने इस पूरी योजना को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही, उन्होंने हिंदुजा अस्पताल के 75 साल के गौरवशाली इतिहास और सीईओ गौतम खन्ना के नेतृत्व की सराहना की।
समारोह के आरंभ में हिंदुजा हॉस्पिटल के सीईओ गौतम खन्ना ने अस्पताल के सफर और इसके ट्रस्ट-आधारित स्वरूप के बारे में विस्तार से बताया, जहां लाभ से ऊपर जनसेवा को प्राथमिकता दी जाती है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822