12,500 घरों तक डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों को किया जाएगा जागरूक, जांच, परामर्श और बचाव की दी जाएगी जानकारी

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

HIV और यौन संचारित संक्रमण (STI) के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से देवघर जिले में विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा के निर्देशानुसार सदर अस्पताल, देवघर परिसर से इस अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके तहत जिले के 203 गांवों, 93 विद्यालयों और 12,500 घरों तक पहुंचकर लोगों को HIV एवं STI से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।

अभियान की शुरुआत के अवसर पर सदर अस्पताल परिसर में HIV एवं STI जागरूकता कार्यक्रम के साथ जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई, जो शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों और प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरी। रैली में शामिल स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को HIV एवं यौन संचारित संक्रमण से बचाव, समय पर जांच कराने और उचित उपचार लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि HIV संक्रमण की समय पर पहचान और चिकित्सकीय परामर्श बेहद महत्वपूर्ण है। जांच में देरी करने के बजाय सही समय पर जांच कराकर आवश्यक उपचार शुरू करना चाहिए। जांच शिविर के माध्यम से लोगों को जांच एवं परामर्श की सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

203 गांवों और 93 विद्यालयों में चलेगा जागरूकता अभियान

स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। अभियान के तहत 203 गांवों और 93 विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 12,500 घरों तक डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिले के आशा फैसिलिटेटरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद तथा अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से HIV एवं STI से संबंधित सही और वैज्ञानिक जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। खासकर युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदायों को संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, जांच की जरूरत और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।

HIV प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव नहीं करने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि HIV को लेकर किसी प्रकार का डर या भ्रम न पालें। जागरूकता, समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय उपचार से संक्रमण के प्रबंधन में मदद मिलती है। विभाग ने यह भी कहा कि HIV प्रभावित व्यक्तियों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। उनके प्रति सहयोग, संवेदनशीलता और सम्मान का व्यवहार करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा सह एड्स नोडल पदाधिकारी डॉ. संचयन, डॉ. ऋचा, डीपीसी प्रवीण सिंह, एआरटी के प्रभात कुमार, आईसीटीसी के अंजन दुबे, बबलू, सुशांशु, राजेश, शंकर और कासिम सहित शहरी सहिया, एएनएम तथा आम नागरिक उपस्थित थे।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822