देवघर जिले के मार्गोमुण्डा थाना क्षेत्र में 1.5 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। एसआईटी ने 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर 22,800 रुपये और वाहन बरामद किए। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिले के मार्गोमुण्डा थाना क्षेत्र में हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मधुपुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए रुपयों में से 22,800 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घटना 22 सितंबर 2026 की शाम की है। वादी सागीर अंसारी (पिता- सनाउल मियाँ, साकिन- पंचरूखी, थाना- मार्गोमुण्डा) मधुपुर से अपने घर पंचरूखी लौट रहे थे। इसी दौरान मरनी पुल के पास दो अपाचे मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और रुपयों से भरा बैग (करीब 1,50,000/- रुपये) छीनकर फरार हो गए।
त्वरित कार्रवाई और SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मधुपुर के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने इस कांड में संलिप्त चार मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। साजन कुमार रवानी उम्र 28 वर्ष, पिता दिनेश रवानी, साकिन लालगढ़, थाना मधुपुर, जिला देवघर, मो. आलमगीर शेख उम्र 23 वर्ष, पिता असरफ हुसैन, साकिन लालगढ़, थाना मधुपुर, मो. जुवैद शेख उम्र 25 वर्ष, पिता मो. अजीम शेख, साकिन- लालगढ़, थाना- मधुपुर और मो. सनवर हुसैन उम्र 23 वर्ष, पिता मो. शाहबुद्दीन शेख, साकिन- लालगढ़, थाना- मधुपुर को पकड़ा गया है। सभी देवघर जिला के रहनेवाले हैं। उनके पास से नकद 22,800 रुपये, तीन मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपी साजन कुमार रवानी और मो. सनवर हुसैन के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में सत्येन्द्र प्रसाद, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, मधुपुर, पु.नि. राउतु होनहागा, मधुपुर, अचल, पु.अ.नि. शशि कपूर, थाना प्रभारी मार्गोमुण्डा, पु.अ.नि. दिलीप कुमार बिलुंग, थाना प्रभारी पथरौल, पु.अ.नि. लक्ष्मण बोबोंगा, मार्गोमुण्डा थाना, पु.अ.नि. अशोक कुमार, मधुपुर थाना, पु.अ.नि. धर्मबीर भगत, मधुपुर थाना और मार्गोमुण्डा थाना सशस्त्र बल शामिल थे।