देवघर के दर्दमारा स्थित हिंदुजा अस्पताल में 9-10 अक्टूबर 2026 को भारतीय सेना द्वारा सैन्य संपर्क मेले का आयोजन। पूर्व सैनिकों और युवाओं के लिए फ्री मेडिकल कैंप व हथियार प्रदर्शनी। पढ़ें पूरी खबर


तरुण कुमार कंचन, देवघर।

देवघर के दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में आगामी 9 और 10 अक्टूबर 2026 को भारतीय सेना द्वारा दो दिवसीय भव्य 'सैन्य संपर्क मेला' का आयोजन किया जाएगा। "भारतीय सेना आपके द्वार, साथ है सैनिक, साथ है देश" के संदेश के साथ आयोजित होने वाले इस मेले की जानकारी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने दी है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और स्थानीय नागरिकों को विभिन्न सैन्य सुविधाओं व कल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना है।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं

सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बताया कि इस दो दिवसीय मेले के दौरान पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों और आम नागरिकों के लिए कई विशेष शिविर और काउंटर लगाए जाएंगे, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे हो सकेगा।

सांसद डॉ दुबे ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा आम नागरिकों और पूर्व सैनिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं दंत जांच तथा चिकित्सा परामर्श। ईसीएचएस (ECHS) स्वास्थ्य कार्ड, पेंशन और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी अड़चनों का ऑन-द-स्पॉट समाधान। पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की पेंशन, सेवा संबंधी दस्तावेजों और शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कैप का सबसे ज्यादा लाभ युवाओं को मिलेगा। युवाओं को भारतीय सेना में 'अग्निवीर' व अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया, योग्यता और सुनहरे अवसरों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

डॉ. दुबे ने बताया कि भारतीय सेना के आधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी जिससे युवाओं में राष्ट्र रक्षा के प्रति गर्व का भाव जगेगा। आपदा प्रबंधन जागरूकता, सुरक्षा प्रदर्शन और एनसीसी कैडेट्स के लिए विशेष सत्र का आयोजन होगा। भारतीय सेना के प्रसिद्ध ब्रास और पाइप बैंड द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों की आकर्षक प्रस्तुति होगी।

सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने देवघर और आसपास के सभी पूर्व सैनिकों, सैन्य परिवारों, युवाओं और आम जनता से अपील की है कि वे 9 और 10 अक्टूबर को इस मेले में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं और राष्ट्र सेवा के इस अनूठे अभियान से जुड़ें।

  ...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822