देवघर के पथरोल में अज्ञात बाइक की टक्कर से महिला सुलवा देवी की मौत। उचित मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम की, पुलिसिया रवैये पर भड़का आक्रोश।
कंचन क्रांति न्यूज, मधुपुर (देवघर)।
देवघर जिले के पथरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरोल मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कसैया पंचायत के छापरिया गांव निवासी रोहित यादव की पत्नी सुलवा देवी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती दोपहर करीब 1:00 बजे एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने महिला को भीषण टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए मधुपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी अत्यंत नाजुक हालत को देखते हुए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
मुआवजे को लेकर सड़क जाम, पुलिसिया रवैये से भड़के ग्रामीण
महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने आज सुबह 7:00 बजे पथरोल मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया और पीड़ित परिवार के लिए तुरंत उचित मुआवजे की मांग करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी बहस और झड़प हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने उनकी जायज मांगों को सुनने के बजाय डराने-धमकाने का रवैया अपनाया और जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि पुलिस बलपूर्वक शव और परिजनों को अपने साथ थाने ले गई, जिससे स्थानीय लोगों में काफी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।
मुआवजा नहीं मिला तो करेंगे उग्र आंदोलन: बलबीर राय
घटनास्थल पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य बलबीर राय ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा, हादसे का शिकार हुए इस गरीब परिवार के लिए मुआवजा मांगना उनका अधिकार है। यदि प्रशासन अविलंब पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान नहीं करता है, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। जनहित में दोबारा सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और रोड जाम किया जाएगा।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822