देवघर के रुद्रा फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में 14 वर्षीय अक्षत केसरी की संदिग्ध मौत। परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगा सड़क जाम की। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
जिस नशा मुक्ति केंद्र को परिजनों ने अपने 14 साल के मासूम का भविष्य सुधारने की उम्मीद सौंपा था, वही केंद्र उसकी जिंदगी का अंत साबित हुआ! जसीडीह-देवघर मुख्य मार्ग स्थित डाबरग्राम पुलिस लाइन के पास संचालित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में गुरुवार को 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर करीब चार घंटे तक मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
गलत संगत से छुड़ाने भेजा था केंद्र, मिलने तक नहीं दिया
जानकारी के अनुसार, देवघर के झौंसागढ़ी निवासी चंदन केसरी ने अपने 14 वर्षीय पुत्र अक्षत केसरी को बीती 17 जुलाई को 'रुद्रा फाउंडेशन' द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। परिजनों का कहना था कि अक्षत गलत संगत में पड़कर नशे की लत का शिकार हो गया था। परिजनों ने उसे 15 दिनों के रिहैब के लिए यहां भेजा था।
पिता का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले वे अपने बेटे से मिलने केंद्र पहुंचे थे, लेकिन संचालक ने बच्चा सो रहा है, कहकर मुलाकात कराने से साफ इनकार कर दिया। गुरुवार सुबह अचानक केंद्र से फोन आया कि अक्षत की तबीयत गंभीर है। परिजन जब तक वहां पहुंचे, तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं।
शरीर पर चोट के निशान, आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने अक्षत का शव देखा, तो उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों और पिटाई के गहरे निशान थे। इससे गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों की मांग थी कि हत्यारोपी संचालक को तुरंत उनके हवाले किया जाए।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुलदीप कुमार और जसीडीह थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत और आश्वासन के बाद देर शाम किसी तरह जाम हटवाया।
संचालक की सफाई: छत से कूदकर भाग रहा था
मामले में घिरने के बाद केंद्र संचालक ने हत्या के आरोपों को खारिज किया है। उसका दावा है कि किशोर नशा मुक्ति केंद्र की छत से कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था, और नीचे गिरने की वजह से उसकी मौत हुई है। हालांकि, परिजनों ने संचालक के इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का बयान:
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नशा मुक्ति केंद्र के संचालक को हिरासत में ले लिया है और कड़ाई से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.....................................................................................
कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर न्यूज़, नशा मुक्ति केंद्र मौत, जसीडीह क्राइम न्यूज़, रुद्रा फाउंडेशन देवघर, झारखंड क्राइम न्यूज़, देवघर रोड जाम

