देवघर के शिवलोक परिसर में सावन पूर्णिमा की संध्या पर नाटक 'अंधेरी राह' का मंचन होगा। डॉ. सुनील खवाड़े और मंटू झा की इस पहल से गूंजेगा नशामुक्ति का संदेश।
- सावन पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर देवघर में गूंजेगा नशामुक्ति का स्वर
- कला के माध्यम से समाज को आईना दिखाने की अनूठी पहल
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर
सावन की भीगी फुहारों और रक्षाबंधन की पावन पूर्व संध्या के बीच, देवघर की सांस्कृतिक धारा एक बार फिर विचार और संवेदना के नए धरातल को छूने जा रही है। गुरुवार, 27 अगस्त की ढलती शाम, शिवलोक परिसर में जब रंगमंच के पर्दे उठेंगे, तो नशे के घटाटोप अंधेरे में भटकती जिंदगियों की कसक और उनके उजाले की ओर लौटने की कशमकश जीवंत हो उठेगी। देवघर थिएटर आर्ट कल्चर काउंसिल के तत्वावधान में शाम 6 बजे से सामाजिक यथार्थ पर आधारित नाटक ‘अंधेरी राह’ का मंचन किया जाएगा।
काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने इस नाट्य संध्या की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि अंधेरी राह महज़ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में घुटते समाज के सच को उभारती एक संवेद्य प्रस्तुति है।
भटकन से संभलने तक की दास्तान
आशीष झा के लेखनी से उपजी यह कहानी उस त्रासदी को परत-दर-परत खोलती है, जहाँ नशे का एक घूंट किसी इंसान का मुस्तकबिल, परिवार का संबल और सामाजिक गरिमा पल भर में छीन लेता है। बॉलीवुड में अपने अभिनय की छाप छोड़ चुके स्थानीय रंगकर्मी मंटू झा के निर्देशन में पकी यह नाट्य-कृति युवाओं को इस अंधेरी राह से मोड़कर जीवन के उजाले से जोड़ने का आत्मीय प्रयास है।
सांस्कृतिक चेतना का साझा मंच
डॉ. सुनील खवाड़े और सह-निर्माता रितेश केसरी के संयोजन में आकार ले रही इस प्रस्तुति को निखारने में स्थानीय कलाकार रात-दिन एक किए हुए हैं। मंच पर जब यह किरदार जीवंत होंगे, तो दर्शक न सिर्फ कला की गहराई से रूबरू होंगे, बल्कि उस सामाजिक पीड़ा को भी महसूस करेंगे जो हर नशेड़ी के घर की चहारदीवारी में घुटती है।
इस सांस्कृतिक अनुष्ठान को सफल बनाने में दीपक मिश्रा, नवीन शर्मा, प्रेम कुमार, राज, रितिका, बबीता पोद्दार, आर्यन, शांतनु, सुमित, साजन, अंशु, चीकू और अमर समेत काउंसिल के तमाम साथी अपनी निष्ठा के साथ समर्पित हैं। यह नाट्य संध्या देवघर के सांस्कृतिक पटल पर एक नई वैचारिक अलख जगाने को आतुर है।
रिपोर्ट - विकास कुमार
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822