देवघर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कोई भी पात्र नागरिक छूटने न पाए।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानियाँ की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में देवघर जिले के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों (13-मधुपुर, 14-सारठ एवं 15-देवघर अ०जा०) के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत नोटिस जारी करना तथा दावा-आपत्तियों का निस्तारण करना मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इस चरण में गणना तथा दावा-आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त आवेदनों और आंकड़ों की सूक्ष्म जांच व शुद्धिकरण सुनिश्चित किया जाना है।
उन्होंने बताया कि नो-मैपिंग, तार्किक विसंगति (Logical Discrepancies) तथा अन्य श्रेणियों से संबंधित मतदाताओं के मामलों की सुनवाई अधिकारियों द्वारा प्रारंभ की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और साथ ही कोई भी अपात्र या अवांछित प्रविष्टि सूची में शामिल न हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नोटिस जारी करने के चरण, प्राप्त दावों व आपत्तियों के त्वरित तथा पारदर्शी निस्तारण, नो-मैपिंग नोटिसों के वितरण, और अवशेष गणना प्रपत्रों के सुरक्षित संधारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, एक ही परिवार के मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने और आवश्यक प्रपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया को गति देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

...........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822