श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी को लेकर देवघर में प्रशासनिक तैयारी पूरी। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश। IMCR का किया औचक निरीक्षण।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सुचारू मेला संचालन, कतार प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से बी.एड. कॉलेज प्रांगण में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ किया। इसके साथ ही उपायुक्त ने मेला क्षेत्र स्थित इंटीग्रेटेड मीडिया कंट्रोल रूम (IMCR) का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कतार में न रहे गैप, सुगमता से कराया जाए जलार्पण

अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि सोमवारी के दिन देवघर आने वाले कांवड़ियों की संख्या सर्वाधिक होती है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा बड़ी चुनौती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार निरंतर आगे बढ़ती रहे और उसमें गैप न बनने पाए। अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीनता और सहयोग की भावना से काम करने की हिदायत दी गई, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु राज्य की बेहतर छवि लेकर लौटें।
कंट्रोल रूम से सीसीटीवी द्वारा पैनी नजर

मेला क्षेत्र स्थित इंटीग्रेटेड मीडिया कंट्रोल रूम (IMCR) के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस उपकरणों की समीक्षा की। उन्होंने नेटवर्क, लाइव फीड और कम्यूनिकेशन सिस्टम को चौबीसों घंटे निर्बाध चालू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ट्रैफिक और क्यू मैनेजमेंट पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि सभी आउटपोस्ट (OP) और ट्रैफिक आउटपोस्ट के प्रभारी डीएसपी स्तर के अधिकारी होंगे। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या न बनने देने और भीड़ को नियंत्रित रखने का निर्देश दिया।
ब्रीफिंग और निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी (देवघर) रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (मधुपुर), सिविल सर्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिला स्तर के तमाम अधिकारी व दंडाधिकारी मौजूद थे।
………………………………………………
श्रावणी मेला 2026, देवघर समाचार, दूसरी सोमवारी देवघर, बाबा वैद्यनाथ धाम, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, देवघर ट्रैफिक मैनेजमेंट, IMCR कंट्रोल रूम देवघर
