धनबाद के वासेपुर में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान फहीम खान और मंसूर नौवा के समर्थकों के बीच थार से बाइक की टक्कर को लेकर हिंसक झड़प हो गई। बैंक मोड़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


धनबाद। कोयलांचल के चर्चित इलाके वासेपुर में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी जुलूस के दौरान माहौल उस समय अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब रंगदारी और वर्चस्व को लेकर लंबे समय से आमने-सामने रहे गुटों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह घटना वासेपुर के बाहुबली फहीम खान के पुत्र इकबाल खान और फहीम के पुराने करीबी रहे मंसूर नौवा के समर्थकों के बीच हुई।


जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान मंसूर नौवा के पुत्र ने अपनी थार गाड़ी से एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस घटना के तुरंत बाद मौके पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। विवाद की खबर मिलते ही इकबाल खान के समर्थक मौके पर जुट गए और उन्होंने मंसूर के पुत्र, उसके भाई और साथ मौजूद लोगों की जमकर पिटाई कर दी।


मारपीट की इस घटना में मंसूर नौवा के भाई का सिर फूट गया और कई अन्य लोग आंशिक रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दोनों ही गुटों की ओर से बैंक मोड़ थाने में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822