झारखंड के पाकुड़ स्थित लिट्टीपाड़ा में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। विवाद के बाद घर जमाई एबरास अंसारी ने अपनी पत्नी और सास की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़ेया गांव में बुधवार रात एक दिल नहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी कहासुनी और गुस्से में आकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बीच-बचाव करने आई सास की तलवार से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड (डबल मर्डर) को अंजाम देने के बाद आरोपी वारदात के बाद से ही फरार है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान एबरास अंसारी के रूप में हुई है, जो पिछले काफी समय से अपने ससुराल में ही 'घर जमाई' के रूप में रह रहा था। वह आजीविका के सिलसिले में पश्चिम बंगाल में काम करता था और घटना से महज एक दिन पहले ही घर वापस लौटा था।


बुधवार की देर रात एबरास का उसकी पत्नी गुलचेहरा बीबी के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से से आगबबूला होकर एबरास ने घर में रखी धारदार तलवार निकाल ली और अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला बोल दिया।


जब आरोपी अपनी पत्नी पर वार कर रहा था, तब चीख-पुकार सुनकर उसकी सास मेनेजा बेवा बीच-बचाव करने पहुंचीं। लेकिन वहशी बने आरोपी ने अपनी सास को भी नहीं बख्शा और उन पर भी तलवार से जानलेवा वार कर दिया। सिर और गले पर गंभीर चोटें आने के कारण पत्नी और सास दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई।


पीछे छूटे तीन मासूम, एक 6 माह का दुधमुंहा बच्चा

इस भयानक वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। इस घटना में सबसे दुखद पहलू यह है कि दंपत्ति के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इनमें से एक बच्चा मात्र छह माह का दुधमुंहा है, जो अब मां और नानी के साए के बिना बिलख रहा है।