दुमका के न्याय सदन में डालसा और 'प्रवाह' द्वारा आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण में PLVs को बाल संरक्षण कानूनों व मानव तस्करी रोकने के गुर सिखाए गए।
कंचन क्रांति ब्यूरो, दुमका।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), दुमका और स्वयंसेवी संस्था 'प्रवाह' के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को न्याय सदन भवन में पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVs) के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल अधिकारों की रक्षा, मानव तस्करी पर लगाम और समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानूनी सहायता पहुंचाना रहा।

समारोह का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि, कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश योगेश्वर मनी, प्रथम जिला जज प्रकाश झा, डालसा सचिव विवेक कुमार, एसडीजेएम मोहित चौधरी, प्रवाह के सचिव दिलीप कुमार दुबे और रिसोर्स पर्सन डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बच्चों के शोषण और तस्करी पर पैनी नजर रखने की हिदायत
प्रशिक्षण सत्र के दौरान रिसोर्स पर्सन डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी और बच्चों के शोषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की बारीकियों को साझा किया। उन्होंने संकटग्रस्त बच्चों की पहचान, उनके रेस्क्यू, पुनर्वास और विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल की कार्यप्रणाली समझाई।
वहीं, डीसीपीओ प्रकाश चंद्र ने कहा कि मानव तस्करी एक जघन्य अपराध है, जिसमें महिलाओं और बच्चों को झांसा देकर शिकार बनाया जाता है। इसे रोकने के लिए PLVs की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता, पुनर्वास योजनाओं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना प्राधिकार को देने के तरीके बताए।
सामूहिक प्रयास से ही थमेगा अपराध

डालसा की ओर से स्पष्ट किया गया कि बाल सुरक्षा और तस्करी की रोकथाम केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, न्यायपालिका और गैर-सरकारी संगठनों के बीच मजबूत समन्वय जरूरी है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी पैरालीगल वॉलंटियर्स से अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जागरूकता अभियान चलाने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में मददगार बनने की अपील की गई। मौके पर प्रवाह संस्था के प्रेम कुमार, वरुण पांडे, चीता कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
………………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822