दुर्गा पूजा को देखते हुए देवघर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मधुपुर के गांधी चौक, बस स्टैंड व अन्य क्षेत्रों में होटलों और मिठाई दुकानों पर छापेमारी की। एक्सपायरी सामान और मिलावट मिलने पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार दुर्गा पूजा के अवसर पर आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर द्वारा मधुपुर क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। मंगलवार को चलाए गए इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (देवघर-2) श्री शैलेश कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (देवघर-3) श्रीमती अंजलि विवा मिंज एवं जूनियर फूड एनालिस्ट शुभम कुमार राठौर शामिल थे।

जांच टीम द्वारा मधुपुर के गांधी चौक, थाना मोड़, कोर्ट मोड़ एवं बस स्टैंड के आसपास स्थित प्रमुख मिठाई दुकानों, किराना दुकानों, होटलों एवं स्ट्रीट फूड स्टॉल्स का निरीक्षण किया गया।

 निरीक्षण किए गए प्रमुख प्रतिष्ठानों में विनायक एंटरप्राइजेज, माखन भोग स्वीट्स, मधुलिका स्वीट्स, न्यू बर्दवान स्वीट्स, गोकुल स्वीट्स, चांदनी वाला, शिव शंकर स्वीट्स, कृष्णा मिष्ठान भंडार, भैरवनाथ पानीपुरी सेंटर, धीरज डोसा स्टॉल, वृंदावन रेस्टोरेंट, सुरुचि स्वीट्स, अद्विका फूड रेस्टोरेंट, रसोई घर, इंडियन फास्ट फूड एवं दिल्ली-6 होटल शामिल हैं।

एक्सपायरी सामान बरामद, मिठाई में मिला स्टार्च

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, फूड लाइसेंस/पंजीकरण, भंडारण व्यवस्था तथा निर्माण व एक्सपायरी तिथि की बारीकी से पड़ताल की गई।  निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में एक्सपायरी शीतल पेय (सॉफ्ट ड्रिंक्स) व अन्य खाद्य सामग्री पाई गई। इसके अलावा मिठाई के नमूनों की प्राथमिक जांच में स्टार्च की मिलावट पाई गई।

 विभाग ने पाई गई कमियों को लेकर संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किया है। साथ ही जल जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल), फूड लाइसेंस का डिस्प्ले और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट जैसे जरूरी दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सभी कारोबारी स्वच्छता बनाए रखें, वैध लाइसेंस प्रदर्शित करें और किसी भी परिस्थिति में एक्सपायरी या मिलावटी सामग्री की बिक्री न करें।

.................................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822