डीवीसी ने कैजुअल और संविदा कर्मियों के लिए 22 हजार रुपए तक के बोनस व एक्स-ग्रेशिया की घोषणा कर दी है। जानें पूरी खबर और नियमित कर्मियों की स्थिति
मैथन। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) ने त्योहारी सीजन से पहले अपने कैजुअल और संविदा कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। निगम ने इन कर्मियों के लिए बोनस और एक्स-ग्रेशिया की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। हालांकि, नियमित कर्मियों को अभी भी अपने बोनस और प्रोत्साहन राशि का इंतजार करना पड़ रहा है।
डीवीसी के मानव संसाधन विभाग, कोलकाता द्वारा जारी नए सर्कुलर के अनुसार, तय पात्रता और शर्तों को पूरा करने वाले संविदा व कैजुअल कर्मियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह सर्कुलर उन कर्मियों के लिए है जिनका मासिक वेतन 21 हजार रुपये तक है।
निगम द्वारा श्रेणी और कार्यक्षेत्र के आधार पर बोनस को तीन मुख्य स्तरों में बांटा गया है। इनमें क्षेत्र 'सी' में अकुशल श्रमिक: 14,066 रुपये, अर्धकुशल श्रमिक व अकुशल पर्यवेक्षक को 16,432 रुपये और कुशल श्रमिक व लिपिकीय संवर्ग के कर्मी को 19,760 रुपये का लाभ मिलेगा।
जो संविदा कर्मी, आकस्मिक व दैनिक वेतनभोगी श्रमिक सीधे तौर पर उपर्युक्त बोनस के दायरे में नहीं आ रहे हैं, प्रबंधन ने उनके लिए भी राहत का प्रावधान किया है। ऐसे सभी पात्र कर्मियों के लिए 22 हजार रुपये की एकमुश्त एक्स-ग्रेशिया (सहयोग राशि) स्वीकृत की गई है, जिससे त्योहार के समय उनकी आर्थिक जरूरतें पूरी हो सकें।
एक तरफ जहां अनुबंध और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के लिए वित्तीय राहत की घोषणा हो चुकी है, वहीं दूसरी तरफ निगम के नियमित कर्मचारियों के मन में संशय बना हुआ है। वार्षिक प्रोत्साहन योजना (AIS) के तहत मिलने वाले लाभ को लेकर अब तक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। त्योहारी सीजन के इस माहौल में नियमित कर्मियों की निगाहें पूरी तरह से प्रबंधन के अगले आदेश पर टिकी हैं और वे जल्द ही किसी सकारात्मक फैसले की उम्मीद कर रहे हैं।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822