नेपाल त्रासदी के वायरल वीडियो में पानी के तेज बहाव में फंसा व्यक्ति रोहतास से दो माह से लापता 78 वर्षीय गिरेंद्र प्रसाद मिश्रा जैसा दिख रहा है। परिजनों ने प्रशासन से जांच की गुहार लगाई है।


रोहतास। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा और तेज जलप्रपात के बीच सोशल मीडिया पर एक दर्दनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक वृद्ध व्यक्ति उफनते पानी के तेज बहाव के बीच एक खंभे को पकड़कर अपनी जान बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आते ही बिहार के रोहतास जिले में हड़कंप मच गया है। परिजनों का दावा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति रोहतास थाना क्षेत्र से पिछले दो महीनों से लापता 78 वर्षीय गिरेंद्र प्रसाद मिश्रा उर्फ गिरवर मिश्रा हैं।


लापता वृद्ध के पुत्र नीरज मिश्रा ने बताया कि उन्हें इंस्टाग्राम पर यह वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो देखते ही परिजनों को लगा कि उफनती नदी में खंभे के सहारे टिका व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि उनके पिता ही हैं। नीरज मिश्रा के अनुसार, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का पहनावा, कद-काठी और चेहरे की बनावट उनके पिता से पूरी तरह मेल खाती है।


रोहतास थाना क्षेत्र के निवासी स्वर्गीय रामजन्म मिश्रा के 78 वर्षीय पुत्र गिरेंद्र प्रसाद मिश्रा 25 जुलाई को अचानक बिना बताए घर से निकल गए थे। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। हार मानकर परिजनों ने रोहतास थाने में उनकी गुमशुदगी की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है। परिजनों की मांग है कि वायरल वीडियो की सत्यता की त्वरित जांच की जाए। नेपाल प्रशासन और भारतीय विदेश मंत्रालय के माध्यम से संपर्क साधा जाए। यदि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति गिरेंद्र प्रसाद मिश्रा ही हैं, तो उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर वापस घर लाया जाए।



Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822