पुलिस और कुख्यात अपराधी सुमित चंद्रवंशी के बीच मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने से घायल सुमित को एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वह 29 जुलाई को कोयल नदी इलाके में हुई फायरिंग का मुख्य आरोपी था।
मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले की मेदिनीनगर पुलिस और कुख्यात अपराधी सुमित चंद्रवंशी के बीच गुरुवार की अहले सुबह भीषण मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुमित चंद्रवंशी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेते हुए इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MRMCH) में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पलामू पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 29 जुलाई को हुई हिंसक वारदात का मुख्य आरोपी सुमित चंद्रवंशी मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बजराहा इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तड़के क्षेत्र की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस को देखते ही सुमित ने खुद को घिरता पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली सुमित के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई की रात मेदिनीनगर के कोयल नदी तटीय इलाके में एक ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद से ही शहर में दहशत का माहौल था। पलामू पुलिस की जांच में यह बात सामने आई थी कि इस गोलीबारी की घटना का मुख्य मास्टरमाइंड सुमित चंद्रवंशी ही था।
कोयल नदी तट पर हुई वारदात के बाद से ही पलामू पुलिस की विशेष टीम सुमित चंद्रवंशी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। गुरुवार सुबह पलामू पुलिस को यह बड़ी कामयाबी हासिल हुई। फिलहाल पुलिस अस्पताल परिसर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर आगे की कानूनी कार्रवाई और आपराधिक इतिहास खंगालने में जुट गई है।
