चंदनकियारी स्थित इलेक्ट्रोस्टील वेदांता कंपनी (ESL) के नाले में डूबने से पेरोल कर्मी हराधन महथा की मौत हो गई। परिजनों के 20 घंटे लंबे विरोध और दो गेट जाम करने के बाद 45 लाख से अधिक के वित्तीय लाभ व आश्रित को नौकरी पर समझौता हुआ।
चंदनकियारी। इलेक्ट्रोस्टील वेदांता लिमिटेड (ESL) के प्लांट परिसर में रविवार रात एक दुखद हादसा हो गया। कंपनी के पेरोल पर कार्यरत भागाबांध निवासी 47 वर्षीय हराधन महथा की नाले में गिरने से डूबकर मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे तथा नियोजन की मांग को लेकर कंपनी के मुख्य द्वारों को 20 घंटे तक पूरी तरह जाम रखा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक हराधन महथा कंपनी के 'लाइम डोलो' विभाग में तैनात थे। रविवार रात लगभग 10:30 बजे जैसे ही उनकी नाले में डूबने से मौत की खबर फैली, ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
रविवार रात 10:30 बजे से ही ग्रामीणों ने आरएचएमएस गेट पर धरना देना शुरू कर दिया।
सोमवार अहले सुबह ग्रामीणों ने विरोध को तेज करते हुए ब्रिज गेट मोदीडीह को भी पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया।
दोनों गेट सोमवार दोपहर ढाई बजे तक बंद रहे, जिससे कंपनी का परिचालन और वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए उचित न्याय की मांग की।
सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन किया गया। इस बैठक में कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि, मृतक के परिजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्रम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। लंबी चर्चा के बाद प्रबंधन परिजनों की मांगों पर सहमत हुआ।
समझौते के मुख्य बिंदु:
मृतक के परिवार को कुल 45 लाख रुपये से अधिक का वित्तीय और सेवा लाभ दिया जाएगा।
मृतक की पत्नी मीना देवी को हराधन महथा के अंतिम आहरित वेतन (Last Drawn Salary) के बराबर हर महीने क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की जाएगी।
मृतक की पुत्री भवानी कुमारी को अनुकंपा के आधार पर इलेक्ट्रोस्टील वेदांता कंपनी में नियोजन (नौकरी) दिया जाएगा।
वार्ता में सहमति बनने और मांगें पूरी होने के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822