फरीदाबाद के निजी स्कूल में शिक्षिका संध्या शर्मा की हत्या मामले में पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी अमित ने 2 महीने पहले चाकू खरीदा था और स्कूल में घुसकर 27 बार वार कर हत्या कर दी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
फरीदाबाद। फरीदाबाद के सिकरोना गांव स्थित एक निजी स्कूल में 28 वर्षीय शिक्षिका संध्या शर्मा की दिनदहाड़े हुई नृशंस हत्या के मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि 21 वर्षीय आरोपी अमित ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए दो महीने पहले से ही साजिश रचनी शुरू कर दी थी और खास तौर पर हमले के लिए एक चाकू भी खरीदा था।
सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे आरोपी अमित सिकरोना गांव के स्कूल पहुंचा। उसने संध्या शर्मा को उनके पति का नाम लेकर कक्षा से बाहर बुलाया। जैसे ही संध्या क्लास से बाहर आईं, अमित ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने संध्या की गर्दन और सीने पर 27 से अधिक बार अंधाधुंध वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले की पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के सिर पर खून इस कदर सवार था कि हमले के दौरान चाकू मुड़ जाने के बाद भी वह लगातार वार करता रहा। जब एक स्कूल कर्मचारी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो अमित ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस जांच के मुताबिक, अमित कोट गांव का रहने वाला है और वह संध्या शर्मा को पसंद करता था, जबकि संध्या उसे तवज्जो नहीं देती थीं। सिरोही गांव के एक स्कूल में पढ़ाई के दौरान दोनों की पहली मुलाकात हुई थी।
पुरानी रंजिश: संध्या ने पहले भी अमित के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी ने माफी मांग ली थी।
स्कूल और घर बदलने से था नाराज: अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संध्या ने अपना घर और पढ़ाने का स्कूल दोनों बदल लिया था। इसी बात से अमित काफी गुस्से में था और उन्हें नुकसान पहुंचाने का मौका तलाश रहा था।
पुलिस पूछताछ में अमित ने कबूला कि शुरुआत में उसने संध्या को स्कूल आते-जाते समय रास्ते में शिकार बनाने का प्लान बनाया था। हालांकि, सार्वजनिक जगह पर पकड़े जाने के डर से उसने यह विचार छोड़ दिया और सीधे स्कूल परिसर के अंदर घुसकर हत्या करने की खौफनाक योजना बनाई।
मृतका के पति विक्की गुर्जर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। फिरोजपुर गांव के निवासी विक्की ने बताया कि संध्या और उनका प्रेम विवाह हुआ था तथा उनके दो बच्चे हैं। विक्की का कहना है कि अगर पुलिस ने पहले दर्ज कराई गई छेड़छाड़ की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती, तो शायद आज संध्या उनके बीच जीवित होतीं।
घटना के महज दो घंटे के भीतर फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत (रिमांड) में भेज दिया गया है।
हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू पुलिस ने जब्त कर लिया है। सबूतों की तलाश: आरोपी की मोटरसाइकिल और वारदात के वक्त पहने गए कपडे़ बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
आरोपी अमित तीन भाइयों में सबसे छोटा है और दूध बेचने का काम करता है। उसके अन्य दो भाई अलग-अलग अस्पतालों में कार्यरत हैं।
