रायबरेली के लालगंज में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 200 हेक्टेयर में औद्योगिक गलियारा बनेगा। यूपीडा और राजस्व टीम ने निहस्था और सुर्जीपुर गुमानखेड़ा में सर्वे पूरा कर लिया है।

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 रायबरेली के लालगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। एक्सप्रेसवे के पास करीब 200 हेक्टेयर (लगभग 1000 बीघा) क्षेत्र में एक विशाल औद्योगिक गलियारा (Industrial Corridor) विकसित किया जाएगा। यह गलियारा मुख्य रूप से निहस्था, जगतपुर रामगढ़ी और सुर्जीपुर गुमानखेड़ा गांवों के आसपास प्रस्तावित है।

 

परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा/UPIIDA) ने अपनी कवायद तेज कर दी है। यूपीडा की विशेषज्ञ टीम ने स्थानीय राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर प्रस्तावित क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय सर्वे किया। इस दौरान जमीन की भौगोलिक स्थिति, संपर्क मार्गों और भू-उपलब्धता से जुड़े विभिन्न तकनीकी बिंदुओं पर बारीकी से डेटा जुटाया गया।

 

किसानों की सहमति से होगा अंतिम फैसला

तहसील प्रशासन के अनुसार, परियोजना के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन लेने की योजना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया और मुआवजे की शर्तों पर अंतिम निर्णय यूपीडा मुख्यालय स्तर से ही लिया जाएगा। लालगंज क्षेत्र में इस औद्योगिक गलियारे के बनने से नए उद्योगों का आगमन होगा, जिससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि पूरे रायबरेली जिले के आर्थिक परिदृश्य को नई दिशा मिलेगी।

 

तहसीलदार शिवम राठौर ने बताया कि यूपीडा की टीम के साथ मिलकर चिन्हित भू-भाग का प्रारंभिक सर्वे पूरा कर लिया गया है। प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जा रहा है, जिस पर अंतिम मुहर यूपीडा स्तर से लगाई जाएगी।

 ...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822