साहिबगंज में गंगा नदी खतरे के निशान (27.25 मीटर) को पार कर 28.51 मीटर पर बह रही है। जिले में 2 लाख से अधिक आबादी प्रभावित होने का अनुमान है। प्रशासन ने 17 मेडिकल कैम्प और NDRF की मांग के साथ राहत कार्य तेज कर दिए हैं।


साहिबगंज। झारखंड के एकमात्र गंगा तटीय जिले साहिबगंज में गंगा नदी का जलस्तर लगातार गंभीर रूप धारण करता जा रहा है। नदी का पानी खतरे के निशान को काफी पीछे छोड़ चुका है, जिससे दियारा क्षेत्र और शहर के निचले मोहल्लों में पानी भर गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की मांग की गई है।


केंद्रीय जल आयोग (CWC) की रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान जलस्तर: सोमवार शाम 4 बजे तक गंगा का जलस्तर 28.51 मीटर दर्ज किया गया। साहिबगंज में गंगा नदी का खतरे का स्तर 27.25 मीटर है। वर्तमान में नदी खतरे के निशान से 1.26 मीटर ऊपर बह रही है। जलस्तर 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा है। मंगलवार तक जलस्तर 28.58 मीटर तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, वर्ष 2021 में गंगा का जलस्तर 28.90 मीटर और वर्ष 2025 में 28.70 मीटर तक पहुंचा था।

अंचलों से प्राप्त शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर बाढ़ का असर काफी व्यापक है। लगभग 2,16,504 लोग और 51,000 से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित होने का अनुमान है। केवल दो अंचलों में ही अब तक 36,000 से 37,000 परिवार प्रभावित हो चुके हैं।

दियारा इलाकों में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, वहीं शहर के निचले इलाकों में पानी घुसने से लोग दहशत में हैं।

बाढ़ से निपटने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित संसाधन तैनात किए हैं:

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू के लिए 190 नावें लगाई गई हैं। 38 गोताखोर और SDRF द्वारा प्रशिक्षित 253 आपदा मित्र मैदान में तैनात हैं। बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए 17 स्थानों पर चिकित्सा शिविर चिह्नित किए गए हैं। इन शिविरों में डॉक्टर, नर्स और MPW जरूरी दवाओं और उपकरणों के साथ मौजूद रहेंगे।

साहिबगंज में हर साल गंगा की बाढ़ से जान-माल और फसलों का भारी नुकसान होता है। समय पर रेस्क्यू और राहत के लिए उपायुक्त (DC) दीपक कुमार दुबे ने राज्य विभाग को पत्र लिखकर NDRF की टीम भेजने का अनुरोध किया है।




सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822