गोड्डा के पंचरूखी गांव में फॉर्म-7 को लेकर हंगामा। भाजपा BLA-2 विनय मंडल के पास 200 से अधिक फॉर्म मिलने पर पुलिस ने लिया हिरासत में। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
कंचन क्रांति न्यूज, गोड्डा/देवघर।
विधानसभा क्षेत्र 17 गोड्डा के सदर प्रखंड अंतर्गत पंचरूखी गांव में गुरुवार को स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने वाले 'फॉर्म-7' को लेकर भारी विवाद उत्पन्न हो गया। भारतीय जनता पार्टी के BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) विनय कुमार मंडल के पास कथित तौर पर 200 से अधिक फॉर्म-7 मिलने के बाद ग्रामीणों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर करीब दो घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही।
सांसद निशिकांत दुबे का गंभीर आरोप
इस पूरे मामले पर गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने लिखा कि भाजपा कार्यकर्ता विनय मंडल, जो चुनाव आयोग के नियमानुसार BLA-2 के रूप में पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि हैं, उन्हें झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार के आदेश पर प्रताड़ित किया गया और जबरन थाने में बिठाकर रखा गया। सांसद दुबे ने चुनाव आयोग से मांग की है कि स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में मुख्य सचिव की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
ग्रामीणों ने घेरा, मंत्री पुत्र ने उठाई एफआईआर की मांग
इससे पूर्व ग्रामीणों का आरोप था कि एक ही व्यक्ति के पास इतनी बड़ी संख्या में फॉर्म-7 मिलना चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। घटना की सूचना मिलते ही मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश यादव पंचरूखी पहुंचे और जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क साधा। उन्होंने फर्जी तरीके से फॉर्म-7 तैयार करने का आरोप लगाते हुए मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, पुलिस ने BLA-2 को लिया हिरासत में
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार लायक और सदर बीडीओ दयानंद जायसवाल पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस विनय कुमार मंडल को सुरक्षा घेरे में लेकर थाने ले आई। बीडीओ ने स्थानीय बीएलओ (BLO) को मामले की विस्तृत जांच के लिए औपचारिक आवेदन देने का निर्देश दिया है।
प्रशासन की सफाई: केवल फॉर्म जमा करने से नाम नहीं हटता
निर्वाचन अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नियमानुसार BLA-2 मतदाताओं की ओर से फॉर्म-7 एकत्रित कर जमा करा सकते हैं। हालांकि, सिर्फ फॉर्म जमा करने से किसी का नाम मतदाता सूची से नहीं हटता। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन, ऑनलाइन प्रविष्टि और डिजिटल चेकलिस्ट के मिलान के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाता है।
मामले में संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्राप्त आवेदनों और तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-आनंद कुमार साह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी, गोड्डा
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822