गोड्डा के हंसडीहा-पोड़ैयाहाट मुख्य मार्ग पर कारुडीह के पास तारापीठ जा रही स्कॉर्पियो पलटने से एक की मौत हो गई और कांग्रेस नेता विकास सिंह समेत चार लोग घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर।
जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।
हंसडीहा-पोड़ैयाहाट मुख्य मार्ग पर कारुडीह के समीप मंगलवार की रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में गायछान गांव निवासी 32 वर्षीय दीपक कुमार मंडल की मौके पर ही मौत हो गई, जो वर्तमान में गोड्डा चौक के पास रह रहे थे। वहीं, इस दुर्घटना में कांग्रेस नेता विकास सिंह समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
तारापीठ जा रहे थे सभी सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो पर कुल छह लोग सवार थे और वे सभी पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कारुडीह के समीप अचानक वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सड़क पर कई बार पलटते हुए काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस भीषण हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए।

ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल हो गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और सूझबूझ दिखाते हुए वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में कांग्रेस नेता विकास सिंह के पैर में गंभीर चोट आई है। ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस का बयान
मामले की पुष्टि करते हुए हंसडीहा थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल को भेजकर सभी घायलों को सदर अस्पताल गोड्डा रवाना किया गया था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822