आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर परिचालक द्वारा टिकट काटने से नाराज दरोगा ने झूठी सूचना देकर रोडवेज बस को बंधक बनवा दिया। वीडियो वायरल होने पर हाथरस एसपी ने दरोगा को सस्पेंड कर दिया है।

आगरा/हाथरस। उत्तर प्रदेश में खाकी की हनक और तानाशाही का एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर हाथरस पुलिस लाइन में तैनात एक दरोगा ने सिर्फ इसलिए पूरी रोडवेज बस को जबरन रुकवाकर बंधक बनवा दिया, क्योंकि परिचालक (कंडक्टर) ने उससे सफर का किराया मांगकर टिकट काट दिया था। इस सनक भरी कार्रवाई के कारण भीषण उमस में बस में सवार तीर्थयात्री, महिलाएं और छोटे बच्चे घंटों परेशान रहे। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने और शासन तक शिकायत पहुंचने के बाद एसपी ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है।

 

फर्जी सूचना देकर पुलिस से लगवाई रोक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा के फाउंड्रीनगर डिपो की बस बुधवार को तीर्थयात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही थी। बस में हाथरस पुलिस लाइन के कंट्रोल रूम में तैनात दरोगा राजेश कुमार सवार थे। परिचालक द्वारा टिकट काटते ही दरोगा ने इसे अपनी 'वर्दी का अपमान' मान लिया। पहले दरोगा ने ट्रैफिक पुलिस से बस रुकवाकर फोटो खिंचवाए, फिर अपनी भड़ास निकालने के लिए हाथरस कंट्रोल रूम में फोन कर बस में 'आपत्तिजनक सामग्री' होने की झूठी सूचना दे दी।

 

दो जगह तलाशी के नाम पर प्रताड़ित हुए यात्री

दरोगा की फर्जी सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने बस को सासनी थाने भिजवा दिया। सघन तलाशी के दौरान यात्रियों के कपड़ों के अलावा कुछ नहीं मिला। जांच में क्लीन चिट मिलने पर बस आगे बढ़ी, तो उसे हनुमान पुलिस चौकी पर दोबारा रोक लिया गया। चौकी प्रभारी ने 'ऊपर से आदेश' होने की बात कहकर गाड़ी आगे नहीं जाने दी। भीषण उमस और गर्मी के बीच पानी के लिए तड़पते बच्चों और बुजुर्गों की बेबसी का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

 

वीडियो वायरल होते ही एसपी का सख्त एक्शन

वीडियो का संज्ञान लेते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाथरस एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दरोगा राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।


मामले की प्राथमिक जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) को सौंपी गई है। दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आते ही अग्रिम विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

 

चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसपी (हाथरस)

......................................................................................................

हाथरस पुलिस दरोगा सस्पेंड, आगरा फाउंड्रीनगर डिपो बस, यूपी पुलिस गुंडागर्दी, हाथरस न्यूज़, आगरा अलीगढ़ हाईवे बस विवाद, राजेश कुमार दरोगा सस्पेंड, UP Police Daroga Suspended Hathras