हजारीबाग के इचाक प्रखंड के सिजुआ बिरहोर टोला में आपसी विवाद के दौरान विजय बिरहोर ने 26 वर्षीय सुनील बिरहोर की फरसा से मारकर हत्या कर दी। जिले में आदिम जनजाति समाज में इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में एक बेहद दुर्लभ और दुखद घटना सामने आई है। इचाक प्रखंड अंतर्गत सिजुआ स्थित बिरहोर टोला में आपसी विवाद के दौरान 26 वर्षीय युवक सुनील बिरहोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अत्यंत पिछड़ी और विलुप्तप्राय श्रेणी में आने वाली आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय के भीतर हत्या की इस वारदात से न सिर्फ पूरा जिला स्तब्ध है, बल्कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। बिरहोर समाज में इस प्रकार की हिंसक घटना जिले में पहली बार दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि करीब एक बजे की है। सिजुआ बिरहोर टोले में किसी बात को लेकर आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी विजय बिरहोर ने आपा खो दिया। उसने पास में रखे धारदार फरसा (टांगी) से सुनील बिरहोर के सिर पर जानलेवा वार कर दिया। हमले का प्रहार इतना तेज था कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की भनक लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर इचाक थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी विजय बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक सुनील बिरहोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया है।
सिजुआ बिरहोर टोला काफी छोटा है, जहाँ महज 13 बिरहोर परिवार निवास करते हैं। शांत स्वभाव और अपने पारंपरिक जीवनशैली के लिए जाने जाने वाले इस समाज में हुई इस वारदात के बाद से पूरे टोले में सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतक सुनील बिरहोर अपने पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट मंडराने लगा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन रात से ही मौके पर स्थिति को संभालने में जुटे रहे। उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार, मुखिया रंजीत मेहता, जेएसआई नंदकिशोर दास, सुनील शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े सभी कानूनी और व्यावहारिक पहलुओं की गहराई से जांच जारी है।
