हजारीबाग के केरेडारी में चंद्रगुप्त कोल प्रोजेक्ट पर लेवी वसूलने पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़। 3 जवान घायल, 2 अपराधी गिरफ्तार। SP अमन कुमार ने संभाली कमान।
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में शुक्रवार सुबह पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में तीन पुलिस जवान घायल हो गए हैं। वहीं, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह के दो अपराधियों को मौके से दबोच लिया है।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) अमन कुमार खुद मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील करवाकर अपराधियों की धरपकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
लेवी वसूलने और दहशत फैलाने की थी साजिश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राहुल दुबे गिरोह के अपराधी चंद्रगुप्त कोल प्रोजेक्ट में रंगदारी/लेवी वसूलने और फायरिंग कर दहशत कायम करने की नियत से पहुंचे थे। हालांकि, हजारीबाग पुलिस को इसकी गुप्त सूचना पहले ही मिल चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बुकर के समीप कोल परियोजना स्थल पर पहले से ही घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
घायल जवानों का इलाज जारी, 2 अपराधी गिरफ्तार
इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस के तीन जवान गोली लगने और छर्रे लगने से घायल हो गए। सभी घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (हजारीबाग) ले जाया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मुठभेड़ के दौरान जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
जंगलों में सघन तलाशी
घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग एसपी अमन कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए फरार अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी के आदेश दिए हैं।
एसपी के निर्देश पर आसपास के जंगलों, संभावित रास्तों और प्रमुख चेकनाकों पर सघन सर्च अभियान (Search Operation) चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार अन्य अपराधियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
...........................................................................................................
Hazaribagh Encounter, Keredari Police Encounter, Chandragupta Coal Project, Rahul Dubey Gang, Hazaribagh News, SP Aman Kumar, Kanchan Kranti
