पाकुड़-दुमका मुख्य मार्ग पर शहरकोल के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन यात्री चोटिल हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर।


पाकुड़। झारखंड के पाकुड़-दुमका मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल के पास गलत दिशा से आ रहे एक डाला बॉडी ट्रक ने सामने से आ रही यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बस के चालक मुमताज अंसारी (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार दो महिलाओं समेत तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस (संख्या JH 04 A 2495) मंगलवार की सुबह लगभग 5:20 बजे पाकुड़ रेलवे स्टेशन से दुमका के लिए रवाना हुई थी। सुबह 5:35 बजे बस महात्मा गांधी बस स्टैंड पहुंची और वहां से यात्रियों को लेकर आगे बढ़ी। जैसे ही बस शहरकोल के पास पहुंची, सामने से गलत दिशा में आ रहे तेज रफ्तार डाला बॉडी ट्रक ने बस के ड्राइवर साइड में सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला और चालक वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


हादसे के समय बस में केवल 10 यात्री ही सवार थे क्योंकि समय काफी सुबह का था। कम यात्री होने के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई, वरना घायलों की संख्या काफी अधिक हो सकती थी।


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बस चालक मुमताज अंसारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी ले जाया गया।


सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आर्य ने बताया कि चालक को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार देने के बाद, परिजनों के अनुरोध पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। चोटिल यात्रियों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया।


हादसे के बाद ट्रक चालक अपने वाहन को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822