पाकुड़िया-नालहटी मार्ग के तेगुड़िया में मंगलवार रात तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 35 वर्षीय दिनेश बेसरा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पूरी रात सड़क जाम रखा। पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने में जुटा है।


पाकुड़िया। पाकुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकुड़िया-नालहटी मुख्य मार्ग स्थित तेगुड़िया गांव के समीप मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह से ठप कर दिया, जिससे बुधवार सुबह तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।


जानकारी के अनुसार, रामघाटी निवासी दिनेश बेसरा (35 वर्ष), पिता स्व. सुरीन बेसरा, मंगलवार रात तेगुड़िया के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिनेश बेसरा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।


दुर्घटना की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने दुर्घटनास्थल पर ही पाकुड़िया-नालहटी पथ को जाम कर दिया और मुआवजे व चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। विरोध-प्रदर्शन के कारण मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराने और शव को पोस्टमाॉर्टम के लिए भेजने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


मृतक दिनेश बेसरा पेशे से दिहाड़ी मजदूर थे और वे ही अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। उनके पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चे छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीण पीड़ित परिवार के लिए उचित सरकारी मुआवजे की मांग कर रहे हैं।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822