बिहार दरोगा मद्य निषेध प्रारंभिक परीक्षा में बेगुसराय केंद्र पर कदाचार कराते दो बायोमेट्रिक कर्मी गिरफ्तार। वहीं पटना में ब्लूटूथ के साथ अभ्यर्थी पकड़ा गया। पूरी रिपोर्ट कंचन क्रांति पर पढ़ें।


मुख्य बातें

बड़ी कार्रवाई: बेगुसराय के एस.के. महिला कॉलेज केंद्र पर धांधली कराते दो बायोमेट्रिक कर्मी रंगेहाथ पकड़े गए।

पटना में एक्शन: श्री सियाराम सिंह यादव स्कूल परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया एक अभ्यर्थी।

परीक्षा का ब्यौरा: 78 पदों के लिए 38 जिलों के 515 केंद्रों पर आयोजित हुई प्रारंभिक लिखित परीक्षा।

अगली परीक्षा: सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद के लिए 22 जुलाई को 11 जिलों में होगी परीक्षा।


कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा रविवार को आयोजित मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) मद्य निषेध की प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा भारी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ और कदाचार मुक्त बनाने के दावों के बीच राज्य के दो अलग-अलग केंद्रों से बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। जहाँ बेगुसराय में धांधली की कोशिश कर रहे दो बायोमेट्रिक कर्मियों को दबोचा गया, वहीं राजधानी पटना में एक अभ्यर्थी ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया।


बेगुसराय में रक्षक ही बने भक्षक

मिली जानकारी के अनुसार, बेगुसराय के परीक्षा केंद्र एसके महिला कॉलेज में अभ्यर्थियों की पहचान और हाजिरी सुनिश्चित करने वाले दो बायोमेट्रिक कर्मी खुद ही कदाचार (नकल) कराने के प्रयास में पकड़े गए। अधिकारियों की मुस्तैदी के कारण दोनों कर्मियों को रंगेहाथ धर दबोचा गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


पटना में ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया शातिर अभ्यर्थी

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी किरण कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान पटना के 'श्री सियाराम सिंह यादव उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुर' परीक्षा केंद्र पर सघन चेकिंग के दौरान एक अभ्यर्थी को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया। परीक्षा को निष्पक्ष बनाने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे, जिसके कारण तकनीकी गड़बड़ियों को समय रहते पकड़ लिया गया। इन घटनाओं को छोड़ दें तो राज्य के सभी केंद्रों पर परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हुई।


55 फीसदी रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति

मद्य निषेध विभाग में अवर निरीक्षक के कुल 78 रिक्त पदों पर बहाली के लिए विज्ञापन संख्या-03/2026 इसी साल 22 जनवरी को प्रकाशित किया गया था। इसी क्रम में रविवार को राज्य के 38 जिलों में कुल 515 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। एक पाली में (सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक) आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की कुल उपस्थिति लगभग 55 प्रतिशत दर्ज की गई।


22 जुलाई को होगी अगली बड़ी परीक्षा

आयोग ने आगामी परीक्षाओं को लेकर भी जानकारी साझा की है। बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु), पटना में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) के पदों पर चयन के लिए (विज्ञापन संख्या-04/2026) प्रारंभिक लिखित परीक्षा आगामी 22 जुलाई को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा बिहार प्रांत के 11 चुनिंदा जिलों में एक पाली में संपन्न होगी।

आयोग ने आज की परीक्षा को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने के लिए सभी अभ्यर्थियों, अभिभावकों, केंन्द्राधीक्षकों एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

.............................................................................................................................

बिहार अवर निरीक्षक मद्य निषेध परीक्षा, BPSSC Sub Inspector Prohibition Exam 2026, बेगुसराय बायोमेट्रिक कर्मी गिरफ्तार, पटना ब्लूटूथ डिवाइस अभ्यर्थी, बिहार पुलिस दरोगा परीक्षा, कंचन क्रांति न्यूज़ पटना, विज्ञापन संख्या 03 2026.