रायबरेली में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर साधा निशाना। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली का सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल किया और स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दल ने रायबरेली और अमेठी का इस्तेमाल केवल अपने राजनीतिक और वोट बैंक के स्वार्थ के लिए किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस उपेक्षात्मक नीति के कारण ही इन जिलों के समक्ष लंबे समय तक पहचान का संकट बना रहा।
राना बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की ऐतिहासिक नीतियों और उसकी सोच पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अध्यायों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1925 में जब क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश हुकूमत के खजाने को अपने कब्जे में लिया था, तब कांग्रेस ने उस साहसिक कृत्य को 'काकोरी ट्रेन लूट' की संज्ञा दी थी। सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि असल में देश को लूटने का काम स्वयं कांग्रेस ने किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की महान परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रीय आदर्शों को दरकिनार कर कुछ ताकतों ने देश के खिलाफ षड्यंत्र का ठेका ले रखा है। वीर सावरकर के योगदान का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि महज 28 वर्ष की आयु में सावरकर को दोहरे आजीवन कारावास की कठोर सजा दी गई थी। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने उनके सम्मान में पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे का नाम वीर सावरकर के नाम पर रखा था, जिसे बाद में सत्ता में आने पर कांग्रेस ने हटा दिया।
मुख्यमंत्री ने मंगल पांडे, नाना साहब, तात्या टोपे और रानी लक्ष्मीबाई जैसे अमर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का स्मरण किया। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारतीय सेना के पराक्रम पर सबूत मांगकर और अयोध्या में प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाकर देश की जनभावनाओं और आस्था का अनादर किया है।
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822