देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में भादो मेला-2026 की तैयारियों को लेकर पंडा धर्मरक्षिणी सभा के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निर्बाध बिजली-पानी, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए गए कड़े निर्देश।
- प्रशासन एवं पंडा धर्मरक्षिणी सभा के बीच समन्वय बैठक आयोजित; पंडा समाज ने श्रावणी मेला के सफल संचालन पर प्रशासन का जताया आभार
- मंदिर परिसर व रूटलाइन में निर्बाध बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम के सख्त निर्देश
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
आगामी विश्वप्रसिद्ध भादो मेला-2026 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बाबा बैद्यनाथ मंदिर के प्रशासक-सह-उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों एवं तीर्थ पुरोहितों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित जलार्पण अनुभव प्रदान करना रहा।
बैठक की शुरुआत में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष, महामंत्री एवं प्रबुद्ध तीर्थ पुरोहितों ने हाल ही में संपन्न हुए राजकीय श्रावणी मेला के ऐतिहासिक व सुगम संचालन के लिए देवघर जिला प्रशासन की पूरी टीम को सामूहिक रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया। पंडा समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन की दूरदर्शिता, चाक-चौबंद सुरक्षा, सुलभ जलार्पण व्यवस्था, रूटलाइन में बिजली-पानी और स्वच्छता के अभूतपूर्व प्रबंधों के कारण देश-विदेश से आए लाखों शिवभक्तों को एक सुखद आध्यात्मिक अनुभव मिला। पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने आश्वस्त किया कि आगामी भादो मेला में भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेला की तर्ज पर ही भादो मेला में भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सेवा और विधि-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में दिए गए मुख्य निर्देश:
बिजली एवं पेयजल: पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा विद्युत आपूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को मेला क्षेत्र एवं कांवरिया पथ में निर्बाध बिजली आपूर्ति और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन: मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों तथा श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों पर अतिरिक्त सफाईकर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर नियमित सैनिटाइजेशन और कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निगम को दिया गया।
स्वास्थ्य सुविधाएं: सिविल सर्जन को मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में मेडिकल कैंप, जीवन रक्षक दवाएं तथा चौबीसों घंटे एम्बुलेंस की तैनाती के निर्देश दिए गए।
सूचना सह सहायता केंद्र: बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के आसपास प्रमुख स्थानों पर 'भादो मेला सूचना सह सहायता केंद्र' संचालित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से खोया-पाया, रूट चार्ट, अर्घ्य अर्पण की समय-सारणी एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां लाउडस्पीकर द्वारा निरंतर प्रसारित की जाएंगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि कुमार, सिविल सर्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, विद्युत एवं पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला खेल पदाधिकारी-सह-सहायक मंदिर प्रभारी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं पंडा धर्मरक्षिणी सभा के सदस्य उपस्थित थे।
र…………………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822