धनबाद के तोपचांची में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बरवाअड्डा में 5 वर्षीय बालक ने दम तोड़ा। रक्षाबंधन की खरीदारी के दौरान हुए इस हादसे से इलाके में मातम छा गया है।
धनबाद। रक्षाबंधन पर्व की पूर्वसंध्या पर धनबाद जिले में दो अलग-अलग हादसों ने त्योहार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया। तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगरीटांड़ टोला स्थित भुकभूकी तालाब में शुक्रवार दोपहर नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बरवाअड्डा क्षेत्र में भी तालाब में डूबने से एक 5 वर्षीय बच्चे ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे बच्चे का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
तोपचांची: बचाने के फेर में एक-एक कर डूबे तीन मासूम
तोपचांची के रंगरीटांड़ टोला स्थित भुकभूकी तालाब के पास पिछले तीन वर्षों से टेंट लगाकर रह रहे परिवारों के सदस्य शुक्रवार को रक्षाबंधन की खरीदारी करने बाजार गए थे। इसी दौरान घर में मौजूद तीन बच्चे—रोल झोल (12 वर्ष), आभा कुमारी (8 वर्ष) और पुण्डरु हरिजन (10 वर्ष) खेलते-खेलते तालाब की ओर चले गए।
नहाने के क्रम में रोल झोल का पैर अचानक गहरे पानी में चला गया और वह डूबने लगी। उसे बचाने के लिए आभा कुमारी ने हाथ बढ़ाया तो दोनों पानी में समाने लगीं। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास मौजूद पुण्डरु हरिजन उन्हें बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह भी डूब गया।
ग्रामीणों ने निकाला बाहर, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
कुछ देर बाद जब परिजन राखी बंधवाने के लिए तंबू लौटे और बच्चे गायब मिले, तो खोजबीन शुरू हुई। तालाब में एक बच्चे का शव उतराता देख ग्रामीणों को सूचना दी गई। स्थानीय युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला और साहुबहियार स्थित सीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) रेफर कर दिया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के लिखित अनुरोध पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बरवाअड्डा: दादी के पीछे तालाब पहुंचे बच्चे डूबे, एक की मौत
दूसरी घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जयनगर पंचायत अंतर्गत नतुनडीह की है। यहाँ अपनी दादी के पीछे-पीछे तालाब पहुँचे 5 वर्षीय आनंद राय और उसका साथी ऋतिक राय नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए। बकरी चरा रही एक महिला के शोर मचाने पर राहगीरों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। परिजनों ने तुरंत दोनों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने आनंद राय को मृत घोषित कर दिया, जबकि ऋतिक राय का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
र…………………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822