पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो में जमीन विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जमशेदपुर। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत केंजरा गांव के तारोबबुरू टोला में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी (टांगी) से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका 12 वर्षीय मासूम बेटा शामिल है। अपराधियों ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से तीनों शवों को घने जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस लोमहर्षक हत्याकांड की जानकारी जगन्नाथपुर के डीएसपी राफेल मुर्मू ने संवाददाताओं को दी। मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरू (40 वर्ष), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (38 वर्ष) और उनके 12 वर्षीय पुत्र काण्डे दोरायबुरू के रूप में हुई है।
जमीन विवाद में रची गई खूनी साजिश
डीएसपी राफेल मुर्मू ने बताया कि मृतक राजिन दोरायबुरू का गांव के ही बोंज केरायबुरू (19 वर्ष) और मुचिया दोरायबुरू (20 वर्ष) के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 21 अगस्त को इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। उसी रात बोंज और मुचिया ने अत्यधिक नशे का सेवन किया और टांगी से लैस होकर राजिन के घर पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने राजिन, उसकी पत्नी और मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी और शवों को घने जंगल में छिपा दिया।
गुमशुदगी की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
घटना के बाद कई दिनों तक परिवार के लापता रहने पर रिश्तेदार रमिया दोरायबुरू ने 26 अगस्त को टोंटो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें परिजनों के गायब होने और अनहोनी की आशंका जताई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एक विशेष टीम का गठन कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की।
पुलिसिया पूछताछ में कबूला जुर्म, हथियार व शव बरामद
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बोंज केरायबुरू और मुचिया दोरायबुरू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 27 अगस्त को जंगल से तीनों शवों को बरामद किया और हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी जब्त कर ली। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
………………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822