JSSC CGL धांधली मामले में CID की SIT ने ASO पद पर तैनात 4 अफसरों को गिरफ्तार किया है। मिथिलेश सिंह के नेटवर्क से पास हुए इन आरोपियों को 30 दिसंबर 2025 को नियुक्ति पत्र मिला था।


कंचन क्रांति ब्यूरो, रांची।

 झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) CGL परीक्षा में कथित अनियमितता और फर्जीवाड़े के मामले में CID की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने अवैध तरीके से परीक्षा पास कर सहायक अनुभाग अधिकारी (ASO) के पद पर तैनात हो चुके चार सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया।

गिरफ्तार किए गए अफसरों में धनबाद निवासी दीपक कुमार, बीसीसीएल कॉलोनी दुग्धा (बोकारो) निवासी उमेश कुमार राय, धनबाद के राजगंज निवासी विजय कुमार तिवारी और धनबाद के सुदामाडीह निवासी आनंद कुमार सिंह शामिल हैं। इन सभी को 30 दिसंबर 2025 को नियुक्ति पत्र मिला था और वे बतौर एएसओ राज्य के अलग-अलग विभागों में कार्यरत थे।

मिथिलेश के नेटवर्क से जुड़े थे आरोपी, एजेंट के रूप में भी किया काम

सीआईडी को जांच के दौरान पुख्ता जानकारी मिली है कि ये चारों आरोपी टीडीपीएल (TDPL) से जुड़े मास्टरमाइंड मिथिलेश सिंह के नेटवर्क के संपर्क में थे। इन्होंने न सिर्फ खुद गलत तरीके से परीक्षा पास की, बल्कि एजेंट की भूमिका निभाते हुए कई अन्य अभ्यर्थियों को भी पेपर लीक कराने वाले इस गिरोह से जोड़ा।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अभय तिवारी से पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क की परतें उघड़ी थीं। अभय ने खुलासा किया था कि उसे और अन्य अभ्यर्थियों को बोकारो में राजेश सिंह के आवास पर ले जाया गया था, जहाँ परीक्षा से पूर्व प्रश्न-उत्तर रटवाए गए थे। इस दौरान मिथिलेश सिंह खुद मौके पर मौजूद था। मिथिलेश के इसी नेटवर्क के जरिए अभय तिवारी, उसका भाई अक्षय तिवारी और पत्नी सुषमा कुमारी भी सीजीएल परीक्षा में बहाल हुए थे। फिलहाल सीआईडी की टीम मिथिलेश की तलाश में दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

सोमांश प्रकाश और राहुल 5 दिनों की सीआईडी रिमांड पर

दूसरी तरफ, दिल्ली से गुरुवार को गिरफ्तार किए गए सोमांश प्रकाश और उसके रूममेट राहुल कुमार को सीआईडी एसआईटी ने 5 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है। दिल्ली के बुराड़ी (संत नगर) निवासी सोमांश प्रकाश ने प्रारंभिक पूछताछ में ही सीआईडी के समक्ष CGL परीक्षा में हुई धांधली और अनियमितता की बात स्वीकार कर ली है। सीआईडी रिमांड के दौरान दोनों से गहन पूछताछ कर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों का सुराग जुटाने में लगी है।

………………………………………………………………………………………………………

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822