जमशेदपुर के बिष्टूपुर स्थित एलआईसी डिवीजनल ऑफिस में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 2 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि ग्राहकों के डिजिटल दस्तावेज सुरक्षित हैं।

कंचन क्रांति न्यूज़, जमशेदपुर।

जमशेदपुर के बिष्टूपुर स्थित एलआईसी के डिवीजनल ऑफिस की दूसरी मंजिल पर शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में कांफ्रेंस हॉल, डिवीजनल ट्रेनिंग सेंटर और कार्यालय का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। आग की इस चपेट में 45 एसी, करीब 20 लैपटॉप, सैकड़ों कंप्यूटर, फर्नीचर और स्मार्ट बोर्ड जैसे बहुमूल्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नष्ट हो गए। एलआईसी प्रबंधन के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस हादसे में लगभग दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

बैंक सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से मिली सूचना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग रात करीब सवा दो बजे लगी। एलआईसी भवन से अचानक धुआं और तेज लपटें निकलते देख पास ही स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना एलआईसी अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जिला अग्निशमन विभाग और टाटा स्टील की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आसपास की व्यावसायिक इमारतों तक आग फैलने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। लगातार तीन घंटे से अधिक चले अभियान के बाद सुबह करीब पांच बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

ग्राहकों के सभी जरूरी दस्तावेज सुरक्षित

एलआईसी के डिवीजनल मैनेजर मनोज वर्मा ने बताया कि जिस मंजिल पर कार्यालय संचालित होता है, उसी हिस्से में यह हादसा हुआ। आग बुझाने के दौरान भवन के भीतर प्रवेश करना दमकलकर्मियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। रविवार पूरे दिन अधिकारी और कर्मचारी नुकसान का जायजा लेने और सुरक्षित कागजातों को व्यवस्थित करने में जुटे रहे।

राहत की बात यह है कि आग की इस चपेट में जो महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रभावित हुए हैं, उनके अधिकांश रिकॉर्ड पहले ही स्कैन करके कंप्यूटर में डिजिटल रूप से सुरक्षित रखे जा चुके हैं। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिस हिस्से में नुकसान नहीं हुआ है, वहाँ सोमवार से सामान्य रूप से कामकाज शुरू कर दिया जाएगा।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जाँच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालाँकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान के सटीक आकलन के लिए आधिकारिक जाँच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग भवन की सुरक्षा व्यवस्था तथा इस पूरे हादसे की गहराई से छानबीन में जुटे हैं।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822