जमुई के चंद्रदीप थाना में पदस्थापित दरोगा कुंदन कृष्णा पर मुंगेर की युवती ने लगाया शादी का झांसा देकर शोषण और बेवफाई का आरोप। पीड़िता ने जमुई एसपी से न्याय की गुहार लगाई। पढ़ें कंचनवाणी की पूरी रिपोर्ट।
मुख्य बिंदु:
· फेसबुक से हुआ प्यार, चंडिका स्थान मंदिर में रचाई थी शादी।
· छह महीने तक होटलों में शारीरिक संबंध बनाने के बाद जाति का हवाला देकर रखने से किया इनकार
· जमुई के चंद्रदीप थाना में पदस्थापित है आरोपी दरोगा कुंदन कृष्णा।
· मुंगेर की रहने वाली पीड़िता ने एसपी से मिलकर लगाई न्याय की गुहार।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई।
जमुई जिले में खाकी को शर्मसार करने और प्रेम में बेवफाई का एक गंभीर मामला सामने आया है। जमुई के चंद्रदीप थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) कुंदन कृष्णा पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, धोखा देने और बाद में जाति अलग होने का बहाना बनाकर छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। मुंगेर इलाके की रहने वाली पीड़िता ने शुक्रवार की शाम जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर एक लिखित आवेदन सौंपा है और न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी दरोगा पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फेसबुक से शुरू हुआ था प्यार, मंदिर में हुई थी शादी
पीड़िता द्वारा एसपी को दिए गए आवेदन के अनुसार, करीब एक साल पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी जान-पहचान दरोगा कुंदन कृष्णा से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह जान-पहचान गहरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद, दोनों ने आपसी सहमति से इसी साल 13 फरवरी 2026 को मुंगेर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ चंडिका स्थान मंदिर में शादी रचा ली।
होटलों में बुलाकर बनाया संबंध, साथ रखने के नाम पर दिया झांसा
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद भी दरोगा कुंदन कृष्णा उसे अपने साथ रखने के बजाय मुंगेर और बेगूसराय के विभिन्न होटलों में बुलाता रहा। जब भी पीड़िता ने स्थाई रूप से साथ रहने की बात कही, तो दरोगा ने जल्द ही एक किराए का कमरा लेकर साथ रखने का आश्वासन दिया और लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
जमुई पहुंचने पर खुली पोल, ₹5 लाख का ऑफर और थाने में धमकी
जब कुंदन कृष्णा का तबादला जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में हुआ, तो पीड़िता किसी तरह जमुई पहुंची। वहां दरोगा ने उसे कुछ समय के लिए अपने किराए के कमरे में साथ रखा। लेकिन इसके बाद दरोगा के तेवर बदल गए। पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने यह कहकर उसे साथ रखने से साफ इनकार कर दिया कि दोनों की जाति एक नहीं है, इसलिए साथ रहना मुमकिन नहीं है।
आरोप के मुताबिक, दरोगा ने मामले को रफा-दफा करने के लिए पीड़िता को 5 लाख रुपये लेकर चले जाने का ऑफर दिया। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उसे जबरन चंद्रदीप थाना लाया गया, जहां उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उसके साथ अपशब्दों का प्रयोग किया और उसे वहां से भगा दिया।
आरोपी दरोगा का पक्ष: आरोप गलत हैं, मैं बीमार हूं
इस पूरे मामले पर जब आरोपी दरोगा कुंदन कृष्णा से बात की गई, तो उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। दरोगा ने कहा कि उन्होंने कोई शादी नहीं की है और महिला द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वे बीमार हैं, इसलिए इस विषय पर ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।
अधिकारी का बयान: मामले की होगी निष्पक्ष जांच
इस संवेदनशील मामले को लेकर जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने बताया, "एक महिला द्वारा आवेदन देकर चंद्रदीप थाना में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर (SI) पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला हमारे संज्ञान में है। इस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर कानून सम्मत आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
...................................................................................................................................
जमुई न्यूज़ (Jamui News), चंद्रदीप थाना दरोगा केस (Chandradeep Thana Daroga Case), दरोगा कुंदन कृष्णा (Daroga Kundan Krishna), जमुई एसपी विश्वजीत दयाल (Jamui SP Vishwajeet Dayal), कंचनवाणी न्यूज़ (Kanchanvani News), जमुई में दरोगा पर लगा आरोप, फेसबुक लव स्टोरी दरोगा शादी विवाद, जमुई पुलिस सब-इंस्पेक्टर प्रेम प्रसंग मामला, मुंगेर चंडिका स्थान दरोगा शादी, Jamui Police Daroga Love Affair Case
