जमुई व्यवहार न्यायालय परिसर में छात्रा के साथ छेड़खानी के मुख्य अभियुक्त हरेराम यादव की पेशी के दौरान एक अधिवक्ता द्वारा सरेआम थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ए.आलम, जमुई
बुधवार की शाम करीब 6:00 बजे जमुई व्यवहार न्यायालय परिसर में उस वक्त अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक छात्रा के साथ छेड़खानी के मामले में मुख्य अभियुक्त हरेराम यादव को पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान एक अधिवक्ता आकाश पांडेय ने कोर्ट परिसर में ही आरोपी को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया।
छात्रा से बदसलूकी के आरोपी को सरेआम थप्पड़ मारने की यह घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में भी कैद हो गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए और कुछ पलों के लिए वे कुछ समझ ही नहीं पाए। पुलिस सुरक्षा के बीच हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अधिवक्ता आकाश पांडेय ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे जमुई जिले को झकझोर कर रख दिया है और आम जनता के साथ-साथ उनके मन में भी भारी गुस्सा था।
अधिवक्ता ने दो टूक शब्दों में कहा, मैंने थप्पड़ मारा है और बिल्कुल सही किया है। मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। सभी लोग अपना आक्रोश अलग-अलग तरीके से निकालते हैं, मेरा गुस्सा था मैंने थप्पड़ मारकर निकाल लिया। यह थप्पड़ सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे जमुई का है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की जघन्य हरकत करने वाले असामाजिक तत्वों को इससे सबक लेना चाहिए और जमुई का कोई भी अधिवक्ता ऐसे आरोपियों का केस नहीं लड़ेगा।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822