जमुई समाहरणालय में DM की अध्यक्षता में जून तिमाही की जिला बैंक समीक्षा बैठक संपन्न। जिले के 48.54% CD Ratio को सुधारने, PM सूर्य घर योजना और KCC के तहत त्वरित ऋण देने के निर्देश जारी।
जमुई: समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (जून) की जिला स्तरीय परामर्शदात्री और समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में प्रभारी पदाधिकारी (बैंकिंग कोषांग) सह महाप्रबंधक (जिला उद्योग केंद्र) ने पिछली बैठक के निर्देशों का विस्तृत अनुपालन प्रतिवेदन (ATR) प्रस्तुत किया। इसके बाद चालू वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं और भावी योजनाओं पर गहन मंथन हुआ।
बैठक में वार्षिक साख योजना (ACP) के लक्ष्यों और जमा-साख अनुपात (CD Ratio) की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। जिले में निर्धारित ACP लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 14.91% उपलब्धि हासिल हुई है। वहीं जिले का CD Ratio 48.54% दर्ज किया गया, जो राज्य के औसत (56.9%) से कम है और पिछली तिमाही की तुलना में महज 0.58% अधिक है। जिलाधिकारी ने सभी बैंक प्रबंधकों को सरकारी प्रायोजित योजनाओं में रुचि लेकर योग्य लाभार्थियों को तेजी से ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), ऋण वसूली, गव्य विकास योजना और PMFME के तहत लंबित आवेदनों के निष्पादन पर भी चर्चा हुई। 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का दायरा बढ़ाने के लिए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंताओं को अधिक से अधिक आवेदन तैयार कर बैंकों को भेजने का निर्देश दिया गया। नीलाम पत्रवाद की समीक्षा करते हुए शाखा प्रबंधकों को हर माह दो दिन रजिस्टर 9 व 10 का अनिवार्य रूप से मिलान करने और लंबित मामलों में तेजी लाने को कहा गया। साथ ही, RSETI से प्रशिक्षित युवाओं को ससमय वित्तीय सहायता देकर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, RBI के LDO, DDM नाबार्ड, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), DCLR सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
.......................................................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
...........................................................................................